महाराष्ट्र

Published: Jul 23, 2021 10:00 PM IST

Maharashtra Rainमहाराष्ट्र में बारिश से भारी तबाही, पिछले 48 घंटे के दौरान 129 लोगों की मौत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PTI Photo

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले 48 घंटे के दौरान भूस्खलन (Landslide) समेत वर्षाजनित घटनाओं के कारण 129 लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार शाम यह जानकारी दी। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, “तटीय रायगढ़ जिले में महाड तहसील के एक गांव के नजदीक बृहस्पतिवार को भूस्खलन होने के कारण 38 लोगों की मौत होने के साथ ही महाराष्ट्र में पिछले 48 घंटे के दौरान वर्षाजनित घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 129 हो गयी है।”

भूस्खलन के अलावा बाढ़ के पानी में बह जाने के कारण भी कई लोगों की मौत हो गयी। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के सतारा जिले में वर्षाजनित घटनाओं के कारण 27 लोगों की मौत हो गयी। इसके अलावा गोंडिया और चंद्रपुर जिले में भी कुछ लोगों के मरने की सूचना मिली है। यह हादसा रायगढ़ जिले के महाड तहसील के तलाई गांव में बृहस्पतिवार शाम को हुआ। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “भूस्खलन वाली जगह से अब तक 36 शव बरामद किए गए हैं।”

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। सतारा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल ने कहा कि बृहस्पतिवार की रात सतारा की पाटन तहसील के अंबेघर और मीरगांव गांवों में भी भूस्खलन हुआ, जिसमें कुल आठ घर दब गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इन हादसों में किसी व्यक्ति की मौत की कोई पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। इसके अलावा तटीय रत्नागिरी जिले में हुए भूस्खलन में 10 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। (एजेंसी)