महाराष्ट्र

Published: Apr 15, 2023 08:20 AM IST

Raigad Bus Accidentमहाराष्ट्र: रायगढ़ में बस 200 फीट गहरी खाई में गिरी, 12 की दर्दनाक मौत, 25 से ज्यादा घायल, 40 लोग थे सवार

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Pic: ANI

नई दिल्ली/रायगढ़. महाराष्ट्र (Maharashtra) से मिल रही बड़ी खबर के मुताबिक, यहां के रायगढ़ (Raigarh) जिले में आज यानी शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जी हां, मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई-पुणे ओल्ड हाईवे पर खोपोली इलाके में शिंगरोबा मंदिर के पीछे एक निजी बस 200 फूट गहरी खाई में गिर गई है। 

वहीं इस हादसे में बस में सवार 12 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री इस घटना में घायल हुए बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने अपना रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस घायलों को बस से निकालने का प्रयास कर रही है। वहीं स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस की जोरशोर से मदद कर रहे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी 

मामले पर रायगढ़ जिले के पुलिस SP ने बताया कि बस में 40 से 45 यात्री सवार थे, जिसमें से 12 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी चल रहा है। बस को निकालने के लिए क्रेन को बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार इस बस में गोरेगांव इलाके की एक संस्था से जुड़े लोग सवार थे। ये सभी पुणे में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। पुणे से वापस लौटते समय इनकी उक्त बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। फिलहाल हादसे की वजह सामने नहीं आई है।

गोवा-मुंबई हाईवे पर दो हादसे

गौरतलब है कि इससे पहले गोवा-मुंबई हाईवे पर दो बड़े सड़क हादसे हुए थे। कणकवली के पासे एक प्राइवेट बस के पलटने से तब 13 पैसेंजर्स की मौत हो गई थी, जबकि 23 लोग घायल हुए थे। बस में 36 लोग सवार थे। उधर, एक कार और ट्रक की टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई थी, तब इसमें इसमें एक 4 साल का बच्चा भी शामिल थे।