महाराष्ट्र

Published: Apr 02, 2022 11:19 PM IST

Maharashtra Corona Update महाराष्ट्र: कोरोना महामारी के 130 नए मामले दर्ज, 24 घंटे में दो मरीजों की मौत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) दो साल बाद कोरोना पाबंदियों से मुक्त हो गया है। वहीं, अब राज्य में मास्क (Mask) लगाना भी अनिवार्य नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण 130 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, दो मरीजों की मौत हुई है। इसी के साथ राज्य में कोरोना से संक्रमित होने वालों की तादाद बढ़कर 78,74,277 और मृतक संख्या 1,47,787 हो गई है।

102 लोग कोरोना मुक्त हुए

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 102 लोग कोरोना मुक्त हुए हैं। जिसके बाद इस वायरस को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 77,25,553 हो गई है। वहीं, एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 937 पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र में आज रिकवरी रेट 98.11% और डेथ रेट 1.87% दर्ज किया गया।

मुंबई में 49 नए मरीज

मुंबई में कोरोना संक्रमण के 49 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,058,076 हो गई है। शहर में अब तक 16,559 लोगों की महामारी से मौत हुई है। शहर में आज 33 लोग इस खतरनाक वायरस से उबरे हैं। इसी के साथ महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 1,038,227 हो गई है। फिलहाल शहर में 290 एक्टिव मरीज है।

कोरोना पाबंदियां खत्म

गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को घोषणा की थी कि सभी कोरोना पाबंदियां शनिवार से वापस ले ली जाएंगी। मास्क का इस्तेमाल नहीं करने पर लगने वाला जुर्माना भी रद्द कर दिया गया है। मास्क लगाना स्वैच्छिक होगा। वहीं, होटल, पार्क, जिम, सिनेमा सहित शिक्षण संस्थानों में उपस्थिति की कोई सीमा नहीं है। राज्य में शादियों या पारिवारिक कार्यक्रम, समारोह समेत अंतिम संस्कार में उपस्थिति के लिए भी कोई सीमा नहीं रहेगी।