महाराष्ट्र

Published: Jul 20, 2023 07:26 PM IST

Maharashtra Weather Updateमहाराष्ट्र: 21 जुलाई को रायगढ़, पुणे समेत 'इन' जिलों में होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PTI Photo

मुंबई. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। इस बीच भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज (20 जुलाई) और कल (21 जुलाई) के लिए ठाणे, रायगढ़, पुणे और पालघर में ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मुंबई और रत्नागिरी के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। यानी शुक्रवार को इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी।

रायगढ़ में बारिश के चलते भूस्खलन, 16 मौतें

रायगढ़ के खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में भारी बारिश के चलते भूस्खलन हो गया। जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई हैं, जबकि कई घायल हो गए हैं। भारी बारिश और अंधेरे में आगे भूस्खलन के खतरे को देखते हुए फिलहाल बचाव अभियान बंद कर दिया गया है।

2,227 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

रायगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के कारण 746 परिवारों के कुल 2,227 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में भारी बारिश के चलते कम से कम 125 घरों को नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा कि लगातार बारिश के परिणामस्वरूप, रायगढ़ में 28 में से 17 बांधों में क्षमता से अधिक पानी है। इसमें कहा गया कि जिले में कुछ स्थानों पर 24 घंटों के दौरान 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

गुरुवार सुबह 10 बजे खत्म हुई 24 घंटे की अवधि के दौरान पनवेल तालुका में 267.7 मिलीमीटर बारिश हुई इसके बाद पोलाडपुर में 266 मिमी, महाड में 230.9 मिली, करजत में 226.6, पेन में 212.7 मिमी, उरण में 207.5 मिमी, सुधागढ़ 196.4 मिमी, कहलापुर में 182.5 मिमी, ताला में 186 मिमी और अलीबाग में 180.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 18-19 जुलाई को बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया था।

मुंबई में तेज हवाओं के साथ होगी बारिश

उधर, मुंबई में पिछले 24 घंटों में औसतन 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों में कल तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। भारी बारिश के बाद बुधवार को निचले इलाकों में पानी भर गया था और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गई थीं। वहीं, गुरुवार को सुबह बारिश की तीव्रता कुछ कम हो गई। कुछ इलाकों में आज बारिश नहीं हुई।

स्थानीय निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि देश की वित्तीय राजधानी में गुरुवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटे की अवधि में औसतन 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान द्वीप शहर में 95.39 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 96.70 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 110.45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र ने अगले 24 घंटों में शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)