महाराष्ट्र

Published: Jun 23, 2023 09:30 PM IST

Maharashtraमहाराष्ट्र: खुद को RAW अधिकारी बता लोगों से धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo image: Social media

अहमदनगर: महाराष्ट्र पुलिस (Maharashtra Police) ने खुद को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) का अधिकारी बता कर लोगों को आयकर विभाग एवं सशस्त्र बलों में नौकरी दिलाने का वादा कर धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अपना कूट नाम ‘चाणक्य’ बता रहा था। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी सेना के दक्षिणी कमान के सैन्य खुफिया प्रकोष्ठ की जानकारी के आधार पर की गई है। इससे पहले गुजरात से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जालसाजी के आरोपी किरण पटेल की गिरफ्तारी की गई थी जो खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अधिकारी बताता था। 

अधिकारियों ने बताया कि संतोष आत्माराम राठौड़ (35) को अहमदनगर में किराए के एक मकान से गिरफ्तार किया गया, जो अपनी महिला मित्र के साथ रह रहा था।  उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से रॉ का फर्जी पहचान पत्र और आधार कार्ड मिला है।

फर्जी पहचान पत्र पर ‘चाणक्य’ कूट नाम के साथ उप सचिव (आंतरिक सुरक्षा) लिखा है। सैन्य खुफिया प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को अहमदनगर के शेवगांव में खुद को रॉ एजेंट बताने वाले एक व्यक्ति के मौजूद होने की जानकारी दी थी। 

प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आयकर विभाग, सशस्त्र बलों और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने में मदद करने के नाम पर पैसे एकत्र कर रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से कार्मिक विभाग का नियुक्ति पत्र भी बरामद किया गया है। आरोपी से पुलिस और सैन्य खुफिया प्रकोष्ठ के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। (एजेंसी)