महाराष्ट्र

Published: Aug 23, 2023 01:22 PM IST

Vijay Kumar Gavit on Aishwarya Raiऐश्वर्या राय की आंखों पर टिप्पणी कर बुरे फंसे महाराष्ट्र के मंत्री जी, महिला आयोग ने भेजा नोटिस!

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: महाराष्ट्र के आदिवासी मामलों के मंत्री विजय कुमार गावित को ऐश्वर्या राय बच्चन की आंखों पर कमेंट करना उस समय भारी पड़ गया जब राज्य महिला आयोग ने उन्हें इस टिपण्णी के लिए नोटिस थमाते हुए उनसे कैफियत तलब की। महिला आयोग ने नोटिस भेजकर मंत्री गावित से तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है।

मंत्री विजय कुमार गावित ने यह बयान तब दिया जब वह महाराष्ट्र के धुले जिले में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। गावित ने कहा था, ‘जो लोग रोज मछली का सेवन करते हैं उनकी त्वचा चिकनी हो जाती है और उनकी आंखों में चमक आ जाती है।’ उन्होंने कहा कि, ‘ऐश्वर्या राय की आंखे इसलिए खूबसूरत हैं, क्योंकि वह हर रोज मछली का सेवन करती हैं।’ उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया। जिस पर संज्ञान लेते हुए महिला आयोग ने उन्हें नोटिस भेजा है।

वीडियो में गावित को ये कहते सुना गया कि, ‘क्या मैंने आपको ऐश्वर्या राय के बारे में बताया? वह मंगलुरु में समुद्र तट के पास रहती थीं। वह रोजाना मछली का सेवन करती थीं। क्या आपने उनकी आंखें देखी हैं? आपकी आंखें भी उनकी तरह हो जाएंगी।’ उन्होंने कहा, मछली खाने से एक फायदा यह है कि हमारी त्वचा में चमक आती है। इसमें तेल है, इसका आंखों पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। गावित ने कहा कि मछली के तेल से शरीर की त्वचा अच्छी दिखती है।’

बता दें कि 68 वर्षीय विजय कुमार गावित ने धुले जिले के अंतुरली में आदिवासी मछुआरों को मछली पकड़ने की सामग्री बांटते हुए एक कार्यक्रम में दौरान ये बातें कहीं। मंत्री विजय कुमार गावित, नंदुरबार विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। गावित की बेटी हिना गावित भाजपा की लोकसभा सदस्य हैं, वह भी इस कार्यक्रम में मौजूद थीं।