महाराष्ट्र

Published: Mar 23, 2023 10:51 AM IST

Amritpal Singhअमृतपाल सिंह को लेकर महाराष्ट्र पुलिस हुई अलर्ट! नांदेड़ में रखी जा रही आवाजाही पर नजर

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) को लेकर महाराष्ट्र पुलिस (Maharashtra Police) सतर्क हो गई है। पंजाब के आईजीपी द्वारा अमृतपाल का पता लगाने के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने भी नांदेड़ (Nanded) और आसपास के कुछ जिलों में निगरानी बढ़ा दी है।

दरअसल, ‘वारिस पंजाब दे’ का मुखिया अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) फिलहाल फरार है। पंजाब की पुलिस अमृतपाल सिंह की तलाश में है। जालंधर में पुलिस ने अमृतपाल का काफी पीछा किया। लेकिन, वह पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया। इसके बाद से अमृतपाल (Amritpal Singh) को फरार घोषित किया गया है और पंजाब पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

नांदेड़ में अमृतपाल सिंह?

महाराष्ट्र पुलिस (Maharashtra) ने अमृतपाल सिंह को लेकर नांदेड़ (Nanded) जिले में अपनी जांच तेज कर दी है। एएनआई के मुताबिक, जिले से आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि पंजाब के फरार अमृतपाल सिंह ने सीधे नांदेड़ में शरण ली है। इस शक के बिनाह पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही हैं। महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते ने इस संबंध में स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ा दी है।

पंजाब पुलिस ने किए अमृतपाल सिंह के 7 लुक जारी

मालूम हो कि, पंजाब पुलिस ने फरार अमृतपाल सिंह के सात लुक जारी किए है। इतना ही नहीं, अब भी यह कयास लगाए जा रहे हैं कि हो सकता है कि अमृतपाल ने अपने वेश और लुक में बदलाव किया हो। चर्चा थी कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पंजाब के आईजीपी सुखचेन सिंह गिल ने स्पष्ट किया है कि उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

पंजाब के आईजीपी सुखचेन सिंह गिल ने कहा कि, ‘हम अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि हम उसे जल्द ही पकड़ लेंगे। अब तक वारिस पंजाब दे’ और अमृतपाल सिंह से जुड़े 154 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।’ सुखचेन सिंह गिल ने कहा कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है।