मुंबई

Published: May 04, 2021 10:37 PM IST

Mumbai Corona Update मुंबई में 100 आईसीयू और 7409 बेड खाली, मरीजों की संख्या घटने से खाली हो रहे बेड

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
FILE

मुंबई.  पिछले एक सप्ताह से मुंबई (Mumbai) में मिल रहे कोरोना मरीजों (Corona Patients) में भारी कमी आई है। मार्च में रोज 9 से 10 हजार मरीज मिल रहे थे। सोमवार से मरीजों की संख्या कम होकर 2 से 3 हजार के बीच आ गई है। मरीजों की संख्या घटने के कारण अब अस्पतालों (Hospitals) में बेड (Beds) खाली होने लगे हैं। बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल (BMC Commissioner Iqbal Singh Chahal) ने बताया कि मंगलवार को मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में आईसीयू (ICU) के 100 बेड के अलावा 7409 बेड खाली हो गए हैं। मार्च महीने में कोरोना की स्थिति भयावह हो गई थी। आईसीयू बेड, वेंटिलेटर तो छोडिए साधारण बेड के लिए भी मारामारी चल रही थी।  लॉकडाउन और बीएमसी की तरफ से चलाई गई विभिन्न योजनाओं के कारण मरीजों की संख्या में कमी आई है। 

मुंबई में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 77.12% घटी है।  4 अप्रैल को 11,163 मरीज मिले थे एक महीने बाद  04 मई को 2,554  कोविड पॉजिटिव मरीज मिले।  इस बीच कोरोना टेस्टिंग  भी 33.30% घट गई है। 4 अप्रैल को 43,597 लोगों की जांच की तरह थी, जबकि 4 मई को 29,076 मरीजों की जांच हुई। बीएमसी के आग्रह के बाद भी अलक्षणीय मरीज जांच के आगे नहीं आने के कारण जांच की संख्या में कमी आई है। 

आज 26,944 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई

 मंगलवार को दिन भर में 26,944 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। 5248 लोगों को कोविशील्ड 109 लोगों को कोवैक्सीन दी गई। जबकि दूसरा डोज लेने वालों को कोविशील्ड की 20,202 और कोवैक्सीन की1385 डोज दी गई। कुल मिला कर 26,944 लोगों को कोरोना की डोज मिली है। 

मुंबई में मिले 2554 नए मरीज 

मंगलवार को मुंबई में कोरोना के 2554 नए मरीज मिले हैं। 5240 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि 24 घंटे में 62 मरीजों की मौत भी हुई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 56,665 रह गई है।  राज्य में दिन भर में 51,880 नए कोरोना मरीज मिले हैं। राज्य में भी मरीजों की संख्या तेजी से घट रही है। राज्य के 15 जिलों में कोरोना के मामले कम हो रहे हैं।  65,234 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में 891मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। मरीजों की मौत के मामले में महाराष्ट्र अन्य राज्यों की अपेक्षा अब भी टॉप पर बना हुआ है। मरीज कम होने का असर कंटेनमेंट इलाकों पर भी पड़ा है। स्लम और चालों में कंटेनमेंट जोन की संख्या 98 रह गई है, जबकि 1000 से अधिक सील रहने वाली इमारतों की संख्या अब 753 रह गई है। 

मुंबई के आंकड़े

राज्य के आंकड़े