मुंबई

Published: Dec 11, 2020 05:38 PM IST

मौसम उत्तर महाराष्ट्र में ओलावृष्टि का अलर्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. दीपावाली के बाद मुंबई में ठंड का एहसास हो रहा था जबकि राज्य के कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। लेकिन पिछले दो दिनों से बेमौसम बारिश ने कोंकण इलाके को भिगोकर रख दिया। शुक्रवार सुबह  मुंबई में अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। मुंबई में सुबह 6 बजे से हल्की बौछारें गिर रही थी। मुंबई सहित राज्य के दूसरे इलाकों में घने बादल छाए रहे।  इसका मुख्य कारण अरब सागर में कम दबाव के क्षेत्र का बनना है।

मौसम विभाग (weather department) के अनुसार  यह कम दबाव का क्षेत्र आगे पश्चिम की तरफ जाएगा। मौसम विभाग के अधिकारी का कहना है कि एक दो दिन में उत्तर महाराष्ट्र के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना  के मद्देनजर अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले दो दिनों से कोंकण में बेमौसम बारिश के बाद, शुक्रवार को मुंबई में भी सुबह बूंदाबांदी देखने को मिली।  इसके अलावा, उत्तर और मध्य  महाराष्ट्र में गरज के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है। उत्तर की ओर से  चल रही ठंडी हवाओं के प्रभाव और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण महाराष्ट्र के उत्तरी हिस्से में गरज के साथ बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।  मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 दिसंबर के बीच धुले, जलगांव, नासिक और नंदुरबार जिलों को अलर्ट जारी किया है।