मुंबई

Published: Sep 15, 2023 07:50 PM IST

Double Decker Bus BEST ने ओल्ड डबल डेकर को कहा अलविदा, उनकी जगह लेंगी ई- डबल डेकर, जुलाई 2024 आएंगी 900 बसें

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo Credit- X
मुंबई: महानगर में पुरानी डबल डेकर बसों (Double Decker) का साथ अब मुंबईकरों से छूट गया है। डीजल पर चलने वाली नॉन एसी बसों ने बेस्ट के काफीले को शुक्रवार से अलविदा कह दिया है. इन बसों की जगह अब नई अत्याधुनिक एसी ई-बसें (E-Double Decker) लेंगी। लगभग 86 साल वर्ष पुरानी डबल डेकर बसें इतिहास बनकर रह जाएगी। 

BEST का इतिहास
लगभग 149 साल पहले वर्ष 1874 में मुंबई के सार्वजनिक परिवहन में घोड़े से खींची जाने वाली ट्राम की शुरुआत हुई थी। कुछ वर्षों के बाद उनकी जगह इलेक्ट्रिक ट्राम ने ले ली। 1964 में ट्राम मुंबई की सड़कों से पूरी तरह से गायब हो गई। अब मुंबई की सड़कों पर दौड़ने वाली पुरानी लाल रंग की डबल-डेकर बसें भी बेस्ट के बेड़े से बाहर हो गई हैं,  जो 1937 से मुंबई के सार्वजनिक परिवहन का हिस्सा रही हैं। शेष तीन ओपन-डेक डबल-डेकर बसें भी अगले महीने से नहीं दिखेगी। मुंबई दर्शन योजना के तहत ओपन टॉप डबल डेकर बसें 1997 में महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम द्वारा शुरू की गयी थी। इनकी 15 साल की आयु सीमा समाप्त होने के बाद उन्हें स्क्रैप में डाल दिया जाएगा। 
 

पुरानी डबल डेकर बसों की जगह 21 फरवरी 2023 से चरणबद्ध तरीके से वातानुकूलित ई- डबल डेकर बसों को शामिल किया जा रहा है। बेस्ट प्रशासन की ओर से जुलाई 2024 तक 900 ई- डबल डेकर बसें सभी 12 डिपो से चलाई जाएंगी। वर्तमान में 35 ई- डबल डेकर बसें बेस्ट में शामिल की गई है। इसमें 16 बसें मुंबई की सड़कों पर यात्रियों को सेवा दे रही हैं। अगले सप्ताह दक्षिण मुंबई के लिए और ई-बसें साथ ही उपनगरों के लिए 15 बसें चलाई जाएंगी। स्वीच मोबिलिटी कंपनी को 900 ई-डबल डेकर बसों की आपूर्ति करने का कार्यादेश जारी किया गया है। इनमें से 35 बसें प्राप्त हो चुकी हैं। बेस्ट प्रशासन के अनुसार इन बसों का किराया ज्यादा नहीं है और प्रदूषण मुक्त हैं। चढ़ने-उतरने के लिए बस में दो दरवाजे हैं। सुरक्षा के लिए बस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मोबाइल चार्ज की सुविधा भी बस में उपलब्ध है।