मुंबई

Published: Jan 16, 2022 09:31 PM IST

Corona GuidelinesBMC की नई गाइडलाइन, दुबई सहित UAE से मुंबई आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को मिलेंगी 7 दिवसीय होम क्वारंटाइन से छूट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) का खतरा बना हुआ है। हालांकि, राजधानी मुंबई (Mumbai) में पाबंदियों का असर दिखने लगा है। शहर में कोरोना के ग्राफ में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही हैं। इसी बीच रविवार को बीएमसी ने मुंबई में दुबई सहित यूएई से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अब अनिवार्य रूप से सात दिवसीय होम क्वारंटाइन (Home Quarantine) और आगमन पर आरटी-पीसीआर टेस्ट (RT-PCR Test) से छूट देने की घोषणा की।

गाइडलाइन के मुताबिक दुबई सहित संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने वाले यात्रियों के लिए “जोखिम वाले देशों के अलावा अन्य देशों” से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर लागू गाइडलाइन लागू होगी।

कब से लागू होगी नई गाइडलाइन?

इससे पहले BMC ने अपनी गाइडलाइन में कहा था कि, ‘UAE से मुंबई आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अनिवार्य रूप से सात दिवसीय होम क्वारंटाइन से गुजरना होगा।’ लेकिन अब इससे यात्रियों को छूट दी जाएगी। हालांकि, जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों को अनिवार्य रूप से सात दिवसीय होम क्वारंटाइन और आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरना होगा। बीएमसी की नई गाइडलाइन 17 जनवरी 2022 की मध्यरात्रि से लागू होगी।

मुंबई में 7,895 नए केस 

मुंबई में कोरोना के 24 घंटे में कोरोना के 7,895 नए मामले सामने आए और 11 मरीजों की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,99,862 हो गई है। जबकि मृतकों की संख्या 16,457 पर पहुंच गई है।

वहीं, 21,025 लोग इस खतरनाक वायरस से उबरे हैं। इसी के साथ कोरोना वायरस से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 9,20,383 हो गई है। शहर में आज रिकवरी रेट 92 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वर्तमान में शहर में 60,371 एक्टिव मरीज हैं।