मुंबई

Published: Feb 23, 2022 11:11 AM IST

Mumbai Corona Updates मुंबई में लगातार कम हो रहे हैं कोरोना केस, मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा- लोग कर रहे हैं नियमों का पालन, तीसरी लहर को रोकने में जल्द ही होंगे कामयाब

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File

मुंबई: कोरोना (Corona Virus) की तीनों लहरों के दौरान देश के सबसे अधिक प्रभावित शहरों में से एक रहे मुंबई (Mumbai) में हालात अब बेहतर हो रहे हैं। मुंबई में लगातार कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ रही है। ऐसे में मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर (Mayor Kishori Pednekar) ने बुधवार को बताया कि, मुंबई में कोरोना के मामले अब कम आ रहे हैं, कल शाम (मंगलवार शाम) तक मुंबई में 135 मामले सामने आए जिसमें 20 सिम्टोमेटिक हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है और बाकी लोग घर में आइसोलेशन में हैं। मुंबईकर नियमों का पालन कर रहे हैं और इस तरह वो जल्द ही तीसरी लहर को रोकने में कामयाब होंगे। 

वैसे खबर है कि, मुंबई में लगातार कम हो रहे कोरोना मामलों को देखते हुए आने वाले दिनों में मौजूदा कोरोना नियमों में सरकार और भी ढ़ील दे सकती है। इससे पहले लगातार कम होते कोरोना मामलों को देखते हुए पेडनेकर ने इस बात के संकेत भी दिए थे। फरवरी की शुरुआत में मेयर ने बताया बताया था कि, मुंबईकरों के लिए एक अच्छी खबर है। इस महीने के अंत तक मुंबई को अनलॉक कर दिया जाएगा। हमने अपना मन बना लिया है, लेकिन लोगों के लिए मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी है।

गौरतलब है कि, मुंबई में बीते 24 घंटों में कोरोना के 135 नए केस दर्ज किए गए हैं। अब शहर में रिकवरी रेट 98% हो गई है। इस दौरान 233 मरीजों ने इस संक्रमण पर जीत हासिल की है। अब मुंबई में कुल 1315 कोरोना केस एक्टिव हैं। 

वहीं महाराष्ट्र में कोरोना महामारी के दौरान अब तक 78 लाख 60 हजार 317 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 76 लाख 99 हजार 623 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। साथ ही अब तक इस बीमारी से 1 लाख 43 हजार 633 मौतें भी हो चुकी हैं।