मुंबई

Published: Apr 16, 2024 03:48 PM IST

Security guard killed girlfriendलव, लिवइन और मर्डर, मुंबई में प्रेमिका के जन्मदिन पर प्रेमी ने दी मौत की सौगात

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
(फाइल फोटो)

कांदिवली: मुंबई के कांदिवली (Kandivali) पूर्व अशोक नगर में जन्मदिन (Birthday) मनाने आई एक प्रेमिका को उसके प्रेमी ने मौत की सौगात दे दी। प्रेमिका (Girlfriend) का नाम हेमकुमारी मोतीराम भट उर्फ शानू है। उसकी हत्या (Murder) के मामले में आरोपी प्रेमी सिक्योरिटी गार्ड (Security guard) दंबर बहादुर खड़के विश्वकर्मा (30) को समता नगर पुलिस (Samta Nagar police) ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रेमी ने मामूली विवाद के कारण अपनी प्रेमिका की जान ले ली। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को बोरीवली की अदालत ने गुरुवार, 18 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दंबर और शानू 6 महीने से लिव इन रिलेशनशिप में थे। 

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण राणे ने बताया कि मृतक शानू नेपाल की मूल निवासी है और कांदिवली के अशोकनगर इलाके में केयरटेकर के तौर पर काम करती है। वहां दंबर बहादुर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह भी नेपाल का मूल निवासी है। कुछ महीने पहले उनका परिचय सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। यह जान-पहचान दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। ये दोनों पिछले छह महीने से लिव इन रिलेशनशिप में थे।   

14 अप्रैल को शानू का जन्मदिन था। वह अपना जन्मदिन दंबर बहादुर के साथ मनाना चाहती थी। इसलिए शनिवार 13 अप्रैल की शाम वह उसके घर पर जा पहुंची। जहा दंबर की मां भी घर पर मौजूद थी। मां बेटे ने मिलकर शानू का जन्मदिन मनाया। रात में शराब के नशे में छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी झड़प हुई। जिसके बाद गुस्से में आकर प्रेमी ने प्रेमिका के सिर को दीवार पर पटक दिया और घटनास्थल से फरार हो गया। स्थानीय निवासियों ने इसकी जानकारी समता नगर पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शानू को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहा डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में फरार आरोपी प्रेमी को 4 घंटो में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।