मुंबई

Published: May 21, 2023 12:44 PM IST

Eknath ShindeCM एकनाथ शिंदे की अपील, कहा- नागरिकों को पर्यावरण और स्वच्छता के लिए हर दिन 1 मिनट देना चाहिए

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने रविवार को कहा कि सभी नागरिकों को पर्यावरण और स्वच्छता (environment and cleanliness) के प्रति जागरूकता के लिए हर दिन एक मिनट देना चाहिए। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। जी20 की पर्यावरण एवं जलवायु स्थिरता कार्य समूह (ECSWG) की तीसरी बैठक के तहत मुंबई के जुहू समुद्र तट पर सफाई अभियान में हिस्सा लेने के बाद शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि जन भागीदारी से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी और इसे लेकर जागरूकता फैलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने की जरूरत है।” शिंदे ने बताया कि समुद्र तट की सफाई से जुड़ा अभियान रविवार को देश के 35 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि जी20 देशों के प्रतिनिधियों ने भी जुहू बीच पर अभियान में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने पहले बताया था कि मुंबई में रविवार से शुरू हो रही जी20 की तीसरी ईसीएसडब्ल्यूजी बैठक समुद्री अर्थव्यवस्था के पहलुओं पर केंद्रित होगी।

बता दें कि आज सुबह महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस (Maharashtra Governor Ramesh Bais), मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे  (Union Minister Ashwini Choubey) ने जुहू बीच पर साफ़ सफाई की। नेताओं ने जी20 प्रतिनिधियों के साथ जुहू समुद्र तट पर सफाई अभियान में भाग लिया। बता दें कि G20 के तीसरे पर्यावरण और जलवायु स्थिरता कार्य समूह की बैठक में भाग लेने के लिए G20 प्रतिनिधि मुंबई में हैं।