मुंबई

Published: Dec 08, 2021 09:03 AM IST

Maharashtra Omicron Updates महाराष्ट्र में ओमीक्रोन ने बढ़ाई टेंशन, मुंबई में 'जोखिम' वाले देशों से लौटे यात्रियों की संख्या बढ़कर 17 हुई

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: ‘जोखिम’ वाले देशों से मुंबई लौटे एक और यात्री के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद मंगलवार को यहां ऐसे यात्रियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी। इन आंकड़ों के साथ ही महाराष्ट्र में ओमीक्रोन को लेकर टेंशन बढ़ गई है। इससे पहले महाराष्ट्र में कोरोना के पिछले 24 घंटे के भीतर 699 नए केस सामने आए हैं। साथ ही 19 लोगों की जान गई है। सूबे में मौजूदा समय में कोरोना के 6 हजार 445 सक्रिय केस हैं।  

बीएमसी ने कहा कि विदेश से मुंबई लौटे 17 यात्री संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें 13 पुरुष और चार महिलाएं हैं। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीएमसी ने एक बयान में कहा कि अब तक इन मरीजों के करीबी संपर्क में आए चार पुरुष और पांच महिलाओं में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। 

बयान के मुताबिक, विदेश से लौटे संक्रमित यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कर उनके नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए हैं ताकि ये पता लगाया जा सके कि वे वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन से संक्रमित हैं या नहीं। 

गौर हो कि देश में कोविड रोधी टीके की अब तक कुल 129 करोड़ से ज्यादा खुराक लग चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार को शाम सात बजे तक टीके की 66 लाख से ज्यादा खुराक दी गई। (एजेंसी इनपुट के साथ)