मुंबई

Published: Jan 08, 2024 08:38 PM IST

Maratha Reservation मराठा आरक्षण: जरांगे पाटिल के खिलाफ HC में याचिका, आंदोलन पर रोक की मांग

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई: मराठा प्रदर्शनकारी मनोज जरांगे पाटिल के खिलाफ सोमवार को हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में मांग किया गया है कि अगर जरांगे मुंबई में विरोध प्रदर्शन करते हैं तो कानून-व्यवस्था और यातायात की समस्या पैदा हो जाएगी। इसके लिए जरांगे पाटिल को मुंबई की बजाय कहीं और विरोध प्रदर्शन करने का आदेश दिया जाए। यह पिटीशन सामाजिक कार्यकर्ता और इंडिया अगेंस्ट टैक्स करप्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत पाटिल ने दायर किया है। 

हेमंत पाटिल ने याचिका में कहा है कि अगर मुंबई में मराठा आंदोलन होगा तो राज्य भर का मराठा समुदाय मुंबई में आकर धरना देगा। इसके परिणामस्वरूप मुंबई में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो जायेगी। मराठा आरक्षण को लेकर पूरे राज्य में मनोज जरांगे पाटिल के नेतृत्व में मराठा आंदोलन किया जा रहा है। 

हम मराठा आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं। हालांकि, पाटिल ने याचिका में यह भी कहा है कि हम ने मुंबई में यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए याचिका दायर की है। मुंबई में आंदोलन उग्र हुआ तो इसका बुरा परिणाम भी हो सकता है। बता दें कि, मनोज जरांगे पाटिल ने चेतावनी दी है कि राज्य सरकार मराठा आरक्षण के मुद्दे को तुरंत हल करें। अन्यथा हम 20 जनवरी को मुंबई आएंगे और बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।