मुंबई

Published: Apr 15, 2024 08:22 PM IST

Salman Khan firing case सलमान खान फायरिंग केस, जांच क्राइम ब्रांच के हवाले, दो संदिग्ध से पूछताछ

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: मुंबई के पॉश बांद्रा इलाके में सुपरस्टार सलमान खान के आवास के बाहर हुई फायरिंग के मामले को मुंबई पुलिस ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मीटिंग कर मामले की जांच अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने इस संबंध में 12 टीमों का गठन कर तहकीकात शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध शाखा ने अपने मुखबिरों को अलर्ट कर दिया है, जिसमें महिला भी शामिल है।

अपराध शाखा ने गुप्त सूचना के आधार पर नवी मुंबई से दो लोगों को हिरासत में लिया है। अंदेशा है कि,सलमान खान के घर की रेकी करने में दोनों फरार शूटर्स की मदद इन्हीं लोगों ने की थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उनसे फायरिंग मामले में संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुष्टि होने पर ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।

मुंबई अपराध शाखा की जांच से पता चला है कि, रविवार को अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर कई राउंड फायरिंग करने वाले बाइक सवार दो लोग एक महीने से पनवेल में रह रहे थे और उन्होंने पनवेल निवासी से सेकेंड-हैंड बाइक खरीदी थी। पुलिस जांच कर रही है कि क्या दोनों वांछित आरोपियों ने शुरू में पनवेल स्थित फार्महाउस में सलमान खान पर हमला करने की योजना बनाई थी।