मुंबई

Published: Sep 15, 2022 06:42 PM IST

Vande Bharat वंदे भारत का ट्रायल पूरा, मुंबई से गांधीनगर जल्द दौड़ेगी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: देश की अत्याधुनिक सेमी हाई स्पीड ट्रेन (Semi High Speed Train) वंदे भारत (Vande Bharat) का ट्रायल (Trial)पूरा हो गया है। जल्द ही मुंबई से गांधीनगर (Mumbai to Gandhinagar) के बीच इसे चलाया जाएगा। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। रेल मंत्री ने कहा कि यह भारत की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है, जिसका सफलतापूर्वक परीक्षण किया जा चुका है। अब मुंबई-अहमदाबाद रूट पर यात्री अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेन में सफ़र का आनंद ले सकेंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साबरमती और अहमदाबाद हाई स्पीड रेल स्टेशनों की साइटों का दौरा कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। वैष्णव ने गांधीनगर केपिटल रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया और स्टेशन पर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। रेल मंत्री के साथ पश्चिम रेलवे के जीएम (प्रभारी) प्रकाश बुटानी, डीआरएम तरुण जैन, नेशनल हाई स्‍पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी थे।

बुलेट के 80 किमी पियर्स

रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की स्थिति के बारे में बताया। बुलेट ट्रेन परियोजना में 80 किमी से अधिक में पियर्स का निर्माण किया जा चुका है। डेक, वायडक्ट, ट्रैक स्टेशनों के निर्माण आदि कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि साबरमती टर्मिनल मल्टी-मॉडल हब के रूप में होगा जो रेलवे, हाई स्पीड रेलवे, मेट्रो और बस रैपिड ट्रांजिट रूट को एकीकृत करेगा। रेल मंत्री के अनुसार, महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन के कार्य के लिए राज्य सरकार से सभी मंजूरी मिल गई हैं।

चल रहीं सेमी हाई स्पीड ट्रेन

इस समय दो सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेनें दिल्ली वाराणसी और कटरा के बीच चल रही हैं।देश की तीसरी और मुंबई से पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। तीसरी वंदे भारत ट्रेन में और सुधार किए गए हैं। यह केवल 140 सेकंड में 160 किमी प्रति घंटे तक की रफ़्तार पकड़ने में सक्षम होगी।