नाशिक

Published: Nov 03, 2021 06:26 PM IST

Maharashtra Politicsपंकजा मुंडे पहुंची सुहास कांदे के घर, नाशिक के सियासी गलियारों में चर्चा तेज

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नाशिक : लगातार 2 दिनों से मंत्री छगन भुजबल (Chhagan Bhujbal) के साथ एक ही मंच पर विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद भाजपा नेता पंकजा मुंडे (Pankaja Munde) ने शिवसेना (Shiv Sena) विधायक सुहास कांदे (MLA Suhas Kande) से उनके आवास पर मुलाकात की। इसको लेकर जिले में तरह-तरह के कयासों के साथ चर्चा तेज हो गई है। कई लोग अनुमान लगा रहे हैं कि यह भुजबल-कांदे विवाद का अनुशासित प्रयास तो नहीं है। यदी एैसा है तो यह नीति किसने बनाई है। मंच पर बैठ कर भुजबल-मुंडे में इसी विषय पर काना फूसी तो नहीं हुई थी, एैसी चर्चा भी जोरों पर है।

पंकजा मुंडे के नाशिक दौरे की चर्चा काफी समय से चल रही थी। भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने उन्हें और भुजबल को एक ही मंच पर लाने पर सहमति जताई। पंकजा मुंडे भुजबल के साथ एक ही मंच पर लगातार दो दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहीं। दो दिग्गज ओबीसी नेता एक साथ आए, लोग उत्सुक थे कि वे क्या कहेंगे। इसी दिन भुजबल ने ओबीसी पर्व का नारा दिया। कार्यक्रम के बाद भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने कॉलेज रोड स्थित शिवसेना विधायक सुहास कांदे के घर का दौरा किया। उनकी फैमिली के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस पर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग अनुमान लगाए जा रहे हैं। शिवसेना विधायक कांदे और भुजबल के बीच इस समय विवाद चल रहा है। चर्चा है कि पकंजा ने विवाद को सुलझाने के लिए मुलाकात की है।

शिवसेना विधायक सुहास कांदे ने इन चर्चाओं पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने केवल इतना कहा कि हमारे और पंकजा मुंडे के घरेलू संबंध हैं। मैं उन्हें बहनों की तरह मानता हूं। हम हर साल दिवाली पर मिलते हैं। संयोग से पंकजा इस साल नाशिक में हैं, इसलिए वे हमारे घर आईं। कांदे ने कहा कि उन्होंने भाईदूज की भेंट के रुप में पंकजा को 2 पैठणी भी भेंट की। शिवसेना विधायक सुहास कांदे ने छगन भुजबल के खिलाफ योजना समिति का फंड बेचने को लेकर याचिका दायर की है। कांदे ने दावा किया था कि उन्हें याचिका वापस लेने के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन गिरोह से धमकी भरा फोन आया था। पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने विधायक कांदे का जवाब कल दर्ज किया है। अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन के भतीजे अक्षय निकालजे का जवाब अगले चार दिनों में दर्ज किया जाएगा। ऐसे में यह पता चल सकता है कि इस धमकी भरे मामले के पीछे कौन है। लेकिन कांदे की प्रतिक्रिया को देखते हुए, निकट भविष्य में विवाद बढ़ने की संभावना है।