पुणे

Published: Jan 23, 2023 02:25 PM IST

Chinchwad By-Election-2023NCP के बाद अब कांग्रेस और आप भी उपचुनाव के मैदान में!

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Representational Pic

पिंपरी:  बीजेपी विधायक लक्ष्मण जगताप (Laxman Jagtap) के देहांत के बाद रिक्त हुई चिंचवड विधानसभा की सीट के लिए घोषित उपचुनाव (Chinchwad By-Election) के निर्विरोध होने के सारे आसार खत्म होते नजर आ रहे हैं क्योंकि शिवसेना (ठाकरे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी उपचुनाव के मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव पारित किए जाने की जानकारी शहराध्यक्ष डॉ. कैलाश कदम ने दी है। वहीं आप के शहर अध्यक्ष चेतन बेंद्रे ने भी कार्यकार्ताओं का चिंचवड विधानसभा का उपचुनाव लड़ने पर जोर रहने की जानकारी दी है। इससे पहले शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता राहुल कलाटे ने हर हाल में उपचुनाव लड़ने की बात कही है। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की बैठक में भी उपचुनाव हर हाल में लड़ने का प्रस्ताव पारित किया है। 

कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम चरण में 26 मार्च तक चलनेवाले अभियान और पिंपरी चिंचवड शहर इकाई के कामकाज की समीक्षा बैठक बीती शाम हुई। इसमें पार्टी की महाराष्ट्र प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव सोनल पाटिल ने हिस्सा लिया। इसके बाद संवाददाताओं के साथ की गई बातचीत में उन्होंने 27 फरवरी को चिंचवड विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी खड़ा करें, यह भूमिका स्थानीय नेताओं ने जाहिर की है। इस बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की जाएगी। वरिष्ठ नेताओं द्वारा लिया गया निर्णय का सभी पालन करें। महाराष्ट्र में मित्र दलों के साथ रहने से कुछ जगहों पर कांग्रेस को नुकसान हुआ है, यह शिकायत भी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नामोल्लेख के बगैर की गई। 

कांग्रेस की बैठक में प्रस्ताव किया गया पारित

कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. कैलास कदम ने कहा कि आज की बैठक में चिंचवड विधानसभा का उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव पारित किया गया। यह विधानसभा क्षेत्र शहर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। सोमवार को पुणे से ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का शुभारंभ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की मौजूदगी में किया जा रहा है। तब उन्हें उपचुनाव लड़ने की भूमिका से अवगत कराया जाएगा, यह भी डॉ. कदम ने बताया।

आप ने दिए ये संकेत

इस बीच आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष चेतन बेंद्रे ने भी मीडिया को बताया कि चिंचवड का उपचुनाव लड़ना चाहिए, स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका है। वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर जल्द इसका फैसला किया जाएगा।