पुणे

Published: Sep 16, 2021 02:51 PM IST

Pimpri NCPपिंपरी-चिंचवड़ में भाजपा को एक और झटका, कैलाश बारणे NCP में हुए शामिल

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

पिंपरी. चंद माह की दूरी पर रहे महानगरपालिका चुनाव (Municipal Elections) से पहले ही पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) की सत्ताधारी भाजपा (BJP) को सियासी झटके लगने की श्रृंखला कायम है। गुरुवार की सुबह भाजपा को तब एक और जोरदार झटका लगा जब उससे संलग्न रहे निर्दलीय नगरसेवकों के मोर्चे के गुटनेता कैलाश बारणे (Kailash Barne) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में प्रवेश किया। उन्होंने भाजपा का दामन छोड़ उपमुख्यमंत्री अजीत पवार (Deputy Chief Minister Ajit Pawar) की मौजूदगी में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ‘घड़ी’ अपनी कलाई पर बांध ली है।

बारणे का राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में प्रवेश सत्तादल भाजपा और विधायक लक्ष्मण जगताप को चिंचवड़ विधानसभा क्षेत्र में तीसरा बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले इसी विधानसभा चुनाव क्षेत्र और विधायक जगताप के समर्थक रहे राजू लोखंडे, जो पूर्व नगरसेवक, शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष रहने के साथ ही महिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा चंदा लोखंडे के पति हैं, ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। इसके बाद भाजपा की दूसरी नगरसेविका माया बारणे के पति और पूर्व नगरसेवक संतोष बारणे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया। उसके बाद अब निर्दलीय मोर्चा के गुटनेता कैलाश बारणे भी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं।

 

मुंबई में हुआ कार्यक्रम

आज सुबह मुंबई स्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पार्टी कार्यालय में हुए इस प्रवेश के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कैलाश बारणे और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर पिंपरी-चिंचवड़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे, पूर्व विपक्षी नेता नाना काटे, संतोष बारणे, अभय मांढरे, पूर्व नगरसेवक सतीश दरेकर, ऋषिकेश काशिद, योगेश सालुंखे, प्रविण बारणे, शहाजी लोखंडे, अक्षय बारणे, तुषार मोरे आदि उपस्थित थे। 2017 के महानगरपालिका चुनाव में भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच हुए भारी घमासान में भी कैलाश बारणे थेरगांव से निर्दलीय नगरसेवक चुने गए हैं। उनकी समान निर्दलीय चुने गए 5 नगरसेवकों ने उनके नेतृत्व में निर्दलीय मोर्चा का गठन किया। बाद में यह मोर्चा भाजपा से संलग्न हो गया।  

अन्य कई नगरसेवक भी हो सकते हैं शामिल

बहरहाल महानगरपालिका चुनाव से पहले भाजपा में शुरू हुए ‘लीकेज’ जारी ही है। हालांकि अब तक चिंचवड़ विधानसभा क्षेत्र में यह लीकेज जारी है। मगर भाजपा के गढ़ रहे भोसरी विधानसभा क्षेत्र से भी कई नगरसेवक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की तैयारी में हैं। उनमें से रवि लांडगे, संजय नेवाले जैसे नगरसेवक अपने बागी तेवर दिखा चुके हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कब्जे में रहे पिंपरी विधानसभा चुनाव क्षेत्र में भी भाजपा से नाराज चल रहे नगरसेवकों की कमी नहीं हैं। जन्मदिन के पोस्टरों पर भाजपा नेताओं की फ़ोटो को टालकर इस विधानसभा क्षेत्र में शैलेश मोरे, संदीप वाघेरे जैसे कई भाजपा नगरसेवक अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। हालांकि ये नगरसेवक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी या शिवसेना में शामिल होने के उचित अवसर की तलाश में हैं।