पुणे

Published: Mar 02, 2022 04:48 PM IST

Road Accident in Puneपुणे में तीन सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Picture

पुणे: शहर के तीन अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं (Road Accidents) में तीन लोगों की मौत (Death) हो गई। कात्रज में तेज गति से जा रही टेम्पो की टक्कर में पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि लोणीकंद में राहगीर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं 28 वर्षीय युवक को विमाननगर में सड़क हादसे में जान गंवानी पड़ी। पुलिस ने विभिन्न पुलिस स्टेशनों में केस दर्ज किया है। 

कात्रज में हुई सड़क दुर्घटना में वीरू नामक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका पूरा नाम और पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच चल रही है। इस मामले में भारती विधापीठ पुलिस स्टेशन में टेम्पो चालक सदाशिव चाटे पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस अमलदार अजीत कोकरे ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है।

युवक की हुई मौत

दूसरी दुर्घटना में लोहगांव परिसर में हुई है। अज्ञात वाहन की टक्कर में अमर सोपान बडे (28) नामक युवक की मौत हो गई। इस मामले में विमानतल पुलिस स्टेशन में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसे लेकर राजाभाउ मुंडे ने शिकायत दर्ज कराई है। अमर बडे और उसका दोस्त बाइक से लोहगांव के स्वामी समर्थ नगर से होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें अमर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई। मामले की जांच विमानतल पुलिस कर रही है।

सड़क पार करने के दौरान टक्कर

तीसरी घटना लोणीकंद में हुई। इस दुर्घटना में शराणाबसप्पा श्रीमंतराव पाटिल (40) की मौत हो गई। इस मामले में विमानतल पुलिस स्टेशन में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पाटिल वाघोली के परफेक्ट वजन कांटा रोड क्रॉस कर रहे थे, तभी सामने से आए वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। इस घटना में उनकी मौत हो गई। इस मामले में आकस्मिक मौत का केस दर्ज किया गया है। जांच में वाहन की टक्कर में मौत की जानकारी सामने आई। इसके अनुसार केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच विमानतल पुलिस कर रही है।