महाराष्ट्र

Published: Mar 04, 2024 05:28 PM IST

MLAs molest air hostessगुवाहाटी में एयर होस्टेस से की छेड़खानी, शिंदे गुट के विधायकों पर गंभीर आरोप

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
नवभारत न्यूज नेटवर्क
मुंबई: वर्ष 2021 के जून महीने में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना (Shiv Sena) में हुए विद्रोह से पूरे देश में हड़कंप मच गया था। अब उसी विद्रोह से जुड़ा एक ऐसा राज सामने आया है, जिसकी वजह से महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। शिवसेना (उद्धव गुट) के सहयोगी वकील असीम सरोदे ने दावा किया है कि शिंदे के साथ गुवाहाटी गए दो विधायकों (MLAs) की पिटाई हुई थी। धाराशिव में एक कार्यक्रम के दौरान असीम सरोदे (Asim Sarode) ने दावा किया कि विधायकों ने गुवाहाटी (Guwahati) के एक होटल में एयर होस्टेस (Air Hostess) के साथ छेड़छाड़ (Molestation) की कोशिश की थी। 
विधायकों ने की थी छेड़छाड़ 
एड. सरोदे ने कहा कि शिंदे गुट के विधायक बगावत कर गुवाहाटी चले गये हैं। वहां सभी लोग एक होटल में ठहरे हुए थे। इस होटल में जहां विधायक ठहरे हुए थे, वहां किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं थी, लेकिन इस होटल के कुछ कमरे एक निजी एयरलाइन के लिए आरक्षित थे, ताकि इन एयरलाइंस के कर्मचारी यहां रुक सकें। इसी वजह से पीड़ित एयर होस्टेस वहां रुकी हुई थी। एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की गई। महाराष्ट्र को इसका पता लगना चाहिए, क्योंकि विधायकों ने ऐसा किया। ऐसा कहते हुए उन्होंने यह भी दावा किया कि इसकी वजह से दोनों विधायकों की होटल में पिटाई की गई थी। तो वहीं गुवाहाटी के ही एक होटल से एक विधायक भाग निकले थे, लेकिन 8 किलोमीटर दूर पहुंच चुके उस विधायक को दोबारा पकड़ लिया गया। असीम सरोदे ने यह भी कहा कि इस विधायक को बताना चाहिए कि उनके साथ किसने मारपीट की थी। 
 

सीएम शिंदे दें स्पष्टीकरण  

अतुल लोंढे, मुख्य प्रवक्ता- कांग्रेस (महाराष्ट्र प्रदेश) ने कहा, महाविकास अघाड़ी सरकार को गिराने की साजिश रचने के दौरान गुवाहाटी के पांच सितारा होटल में हुए मामले का वकील असीम सरोद ने जो खुलासा किया है, वह बेहद गंभीर है। फाइव स्टार होटल की लिफ्ट में एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की कोशिश महाराष्ट्र की छवि को खराब हुई है। इस पाप की वजह से महाराष्ट्र का सिर शर्म से झुक गया। ऐसा करने वाला विधायक कौन है? मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गृह मंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस को इसका खुलासा करना चाहिए। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लेक लाड़की की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी भी एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ सत्ता में है। 

डेढ़ साल बाद क्यों जागे शिंदे गुट का सवाल 
संजय शिरसाट, विधायक-शिवसेना (शिंदे गुट) ने पलटवार करते हुए कहा, एयर होस्टेस से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे हो, लेकिन क्या तुमने सपना देखा है? वहां पुलिस, सुरक्षा-व्यवस्था, मीडिया सब मौजूदगी में ऐसा कैसे हो सकता है? डेढ़ साल बाद जागे, ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाने वालों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह आरोप उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के नेताओं को खुश करने की नीयत से लगाया गया है। हम उनके आरोपों को महत्व नहीं देते।