महाराष्ट्र

Published: Mar 13, 2024 05:19 PM IST

Maharashtra Newsपुण्यश्लोक अहिल्या नगर के नाम से जाना जाएगा अहमदनगर, महाराष्ट्र कैबिनेट से मिली मंजूरी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में एकनाथ शिंदे सरकार (Eknath Shinde Government) ने बुधवार (13 मार्च) को अहमदनगर जिले (Ahmednagar District) का नाम बदलने का बड़ा फैसला लिया है। शिंदे कैबिनेट ने अहमदनगर जिले का नाम बदलकर ‘पुण्यश्लोक अहिल्या नगर’ (Punyashlok Ahilya Nagar) करने का फैसला किया है। यह राज्य का तीसरा जिला बन गया है, जिसका नाम बदला जा रहा है।

कैबिनेट बैठक में मंजूर अन्य योजनाओं के बीच फैसले की घोषणा करते हुए सीएम शिंदे ने एक्स पर कहा, “अहमदनगर शहर का नाम बदलकर ‘पुण्यश्लोक अहिल्या देवी नगर’ करने की मंजूरी दे दी गई है।”

पिछले साल मई में अहमदनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम एकनाथ शिंदे ने घोषणा की थी कि अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्या नगर रखा जाएगा। जिले का नाम मराठा साम्राज्य की रानी अहिल्याबाई होलकर के सम्मान में बदला जा रहा है, जिनका जन्म अहमदनगर जिले के चोंडी गांव में हुआ था। शिंदे ने 18वीं सदी की रानी की 298 वीं जयंती पर यह घोषणा की थी।

गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में महाराष्ट्र सरकार ने औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम बदलकर क्रमशः छत्रपति संभाजीनगर और धाराशिव कर दिया था। इन जिलों का नाम बदलने का निर्णय 29 जून, 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लिया था। इसके एक दिन बाद एकनाथ शिंदे ने विद्रोह किया था जिसके चलते कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को सत्ता से बाहर होना पड़ा।

इसके अगले दिन पदभार संभालने के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार के नाम बदलने के फैसले की आलोचना की और इसे अवैध माना था, क्योंकि यह राज्यपाल द्वारा राज्य विधानसभा में बहुमत का सबूत मांगने के बाद हुआ था।