ठाणे

Published: Aug 13, 2020 09:31 PM IST

जायजाभाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कोविड केयर सेंटरों का लिया जायजा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

कल्याण. महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से और अन्य मरीजों की सुविधाओं के लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने कल्याण-डोंबिवली का दौरा कर कल्याण-डोंबिवली मनपा क्षेत्र स्थित विभिन्न कोविड सेंटरों का जायजा लिया. महिलाओं की सुरक्षा के क्या उपाय किए गए हैं और उन्हें क्या सुविधा दी जा रही है के साथ ही अन्य मरीजों को मिल रही सुविधा और उपचार संबंधी जानकारी ली.

कोरोना महामारी में क्वारंटाइन सेंटर और अन्य उपचार केंद्रों में उपचार के दौरान भी  महिलाओं पर शारीरिक अत्याचार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. एक युवती द्वारा कोविड सेंटर में आत्महत्या करने की घटना को देखते हुए अन्य जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा की क्या व्यवस्था की गई है, इसका जायजा लेने के लिए चित्रा वाघ ने कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के अंतर्गत कोरोना केयर सेंटरों का दौरा किया.

मरीजों से की बातचीत

चित्रा वाघ ने केडीएमसी द्वारा बनाये गये शहाड स्थित साई निर्वाणा, गोविंद वाड़ी स्थित आसरा फाउंडेशन, शेलार नाका स्थित बीएसयूपी प्रकल्प आदि जगहों पर कोविड सेंटर और क्वारंटाइन सेंटरों का दौरा कर मरीजों से बातचीत कर सुरक्षा और उपचार संबंधी जायजा लिया. इस  दरम्यान  महिला मरीजों के लिए सभी जरूरी सुविधा और उपचार सही ढंग से होने और सुरक्षा के बारे में जानकारी ली और महिलाओं की सुरक्षा के लिए और क्या किया जाना चाहिए इसकी संबंधित अधिकारियों को सलाह दी. चित्रा वाघ ने मनपा आयुक्त से मांग की कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान जल्दी से जल्दी किया जाए और मनपा क्षेत्र में  कचरा जमा नहीं होने दिया जाए, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए. 

जिलाध्यक्ष कांबले रहे उपस्थित

 इस अवसर पर चित्रा वाघ  के साथ भाजपा कल्याण जिला अध्यक्ष शशिकांत कांबले, भाजपा महिला कल्याण जिला अध्यक्ष रेखा राजन चौधरी, विरोधी पक्ष नेता राहुल दामले, कल्याण शहर अध्यक्ष प्रेमनाथ म्हात्रे, भाजपा कल्याण जिला महासचिव पुष्पा रत्नपारखी आदि भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.