ठाणे

Published: Jun 02, 2021 09:59 PM IST

Navi Mumbai Congressनवी मुंबई कांग्रेस में होगा बदलाव, नाना पटोले ने दिए संकेत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नवी मुंबई. बुधवार को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष वाशी (Vashi) स्थित नवनीकृत कांग्रेस कार्यालय (Congress Office) का उद्घाटन करने के उपरांत मौजूदा समय में नवी मुंबई कांग्रेस (Navi Mumbai Congress) में जारी गुटबाजी के प्रति अपनी नाराजगी हो जाहिर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि यहां पर चल रही गुटबाजी को दूर नहीं किया गया तो यहां पर पार्टी किसी और को जिम्मेदारी सौंपने में संकोच नहीं करेगी।

गौरतलब है कि वाशी के सेक्टर-7 स्थित कांग्रेस के कार्यालय का हाल ही में नवीनीकरण कराया गया था। जिसका उद्घाटन पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले के हाथों किया गया। इस मौके पर राज्य के कपड़ा, मत्स्य व बंदरगाह मंत्री असलम शेख, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव बी.एम. संदीप, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्याध्यक्ष आरिफ (नसीम) खान, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष माणिकराव जगताप, मोहन जोशी तरिक फारुकी, प्रमोद मोरे, श्यामसुंदर पांडे, देवानंद पवार, नवी मुंबई जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कौशिक, संतोष शेट्टी व नवी मुंबई कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज अनिल कौशिक को यहां मौका दिया गया है। कल कोई इनसे बेहतर काम करने वाला मिला तो पार्टी उसे मौका दे सकती है। अच्छे काम करने वालों को मौका देना कांग्रेस की परंपरा है।

पार्टी अपने दम पर लड़ेगी मनपा का चुनाव

पटोले ने राज्य के नेता प्रतिपक्ष को मनपा के चुनाव में विलंब होने के लिए जिम्मेदार ठहराया। वहीं गणेश नाईक का नाम लिए बगैर ही उन पर भ्रष्टाचार व अपराध बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस का राज देखना चाहती है। इसके लिए राज्य के सभी कांग्रेसियों ने राज्य में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया है। जो लोग पार्टी से अलग हुए हैं। उन्हें पार्टी में वापस लाने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी ने मनपा चुनाव को अपने दम पर अकेले लड़ने का फैसला किया है। नवी मुंबई महानगरपालिका की सभी 111 सीटों पर पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी।