ठाणे

Published: May 14, 2022 08:03 PM IST

NMMC नवी मुंबई शहर की सुरक्षा पर NMMC का फोकस, टाटा की कंपनी लगाएगी सीसीटीवी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नवी मुंबई: शहर की सुरक्षा के लिहाज से नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) द्वारा वर्ष 2012 में 282 सीसीटीवी (CCTV) लगाए गए थे, जिसके माध्यम से विभिन्न अपराधों को सुलझाने और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने में मदद मिली। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर द्वारा शहर की सुरक्षा को और अधिक सक्षम बनाने के लिए नवीनतम तकनीक पर आधारित 1,608 विभिन्न प्रकार के सीसीटीवी लगाने का ठेका (Contract) टाटा एडवांस सिस्टम्स लिमिटेड ( Tata Advance Systems Limited) कंपनी को दिया है।

गौरतलब है कि नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा सीसीटीवी लगाने का ठेका टाटा एडवांस सिस्टम्स लिमिटेड कंपनी को दिया गया है। जिसने स्थल के सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर के उसका विवरण नवी मुंबई पुलिस विभाग को सौंपा है। पुलिस विभाग की स्वीकृति प्राप्त करने के बाद नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने का काम उक्त कंपनी द्वारा शुरू किया जाएगा। इस संबंध में नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर द्वारा संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों और नवी मुंबई महानगरपालिका के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह काम जल्द से जल्द शुरू हो, इसके लिए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर बांगर ने नवी मुंबई महानगरपालिका के विद्युत विभाग के अधिकारी को समन्वयक भूमिका निभाते हुए स्वीकृति के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

पुलिस द्वारा भी सुझाए गए है कुछ स्थान

नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने के लिए नवी मुंबई पुलिस विभाग द्वारा कुछ जगहों का सुझाव दिया गया है। जहां पर प्राथमिकता के साथ सीसीटीवी लगाने के निर्देश नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर द्वारा संबंधित कंपनी और नवी मुंबई महानगरपालिका के विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिया है। सीसीटीवी लगाने के काम में किसी तरह की रुकावट नहीं आने पाए इसके लिए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर ने संबंधित विभाग को आवश्यक उपकरण और सामग्री की खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया है। परियोजना के समुचित क्रियान्वयन की आवश्यकता बताते हुए कमिश्नर बांगर ने कामकाज के निर्धारण में उचित सावधानी बरतने और गुणवत्ता ध्यान देने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया है।

नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में बनाया जा रहा कमांड केयर सेंटर

नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर बांगर के अनुसार, शहर में लगने वाले सीसीटीवी कैमरे अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित हैं। इनका उपयोग वाहनों के नंबर प्लेट का पता लगाने और सिग्नल तोड़ने वालों की निगरानी के लिए किया जा सकता है। कमिश्नर ने यह कि यह सिस्टम पूरी तरह से स्वचालित होगा। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी के लिए सीबीडी स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में एक विशेष एकीकृत कमांड केयर सेंटर स्थापित किया जा रहा है। जहां से निकट भविष्य में नवी मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय में स्मार्ट पार्किंग, स्काडा और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली पर नियंत्रण करने का काम किया जाएगा।

नवी मुंबई शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगवाने का काम कराया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इन सीसीटीवी की फुटेज नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय को उपलब्ध कराने की सुविधा इसमें की गई है। इस काम की गति और गुणवत्ता की जानकारी लेने के लिए नियमित रूप से समीक्षा बैठक की जा रही है।

-अभिजीत बांगर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका