ठाणे

Published: May 20, 2023 04:55 PM IST

NMMT E-BusesNMMT के बेड़े में जल्द ही शामिल होंगी 15 इलेक्ट्रिक बसें

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नवी मुंबई: नवी मुंबई महानगरपालिका परिवहन उपक्रम की 15 इलेक्ट्रिक बसें (Electric Buses) सड़कों पर दौड़ने के लिए तैयार हैं। इन्हें जल्द ही एनएमएमटी (NMMT) के बेड़े में शामिल कर दिया जाएगा। फिलहाल यह नई बसें घनसोली डिपो (Ghansoli Depot) में खड़ी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, इन बसों को सड़कों पर दौड़ाने की प्रक्रिया शुरू है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। यह बसें जून महीने से सड़कों पर दौड़ने लगेंगी। 

नवी मुंबई महानगरपालिका के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन 15 नई इलेक्ट्रिक बसों को मार्ग क्रमांक-18 और मार्ग क्रमांक-20 पर चलाए जाने की योजना तैयार की गई है। मार्ग क्रमांक-18 की बस घणसोली से खारकोपर तक जाती है, लेकिन इस बस की संख्या कम है यात्रियों को घंटो इस क्रमांक की बस का इन्तजार करना पड़ता है। इसके अलावा बस क्रमांक-20 घनसोली से सीवुड तक जाती है इस मार्ग पर भी यात्रियों की अपेक्षा बसों की संख्या कम है। यह सभी इलेक्ट्रिक बसें नौ मीटर की हैं। माना जा रहा है कि इन बसों के शुरू हो जाने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। 

डबल डेकर बसों की हैं प्रतीक्षा 

एनएमएमटी के बेड़े में कई और नई बसें आने का इंतजार किया जा रहा है। जिसमें डबल डेकर बसें भी शामिल हैं। यह डबल डेकर बसें जनवरी के महीने में आनी थी, लेकिन बसों की सप्लाई अभी तक नहीं हो सकी हैं। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि यह बसें अगस्त महीने तक आने की उम्मीद हैं। 

NMMT के बेड़े में हैं 550 बसें 

नवी मुंबई महानगर पालिका परिवहन उपक्रम के बेड़े में कुल 550 बसें हैं। जिसमें से 450 बसें प्रतिदिन सड़कों पर दौड़ती हैं। एनएमएमटी की की सेवा नवी मुंबई महानगरपालिका सीमा के अलावा मुंबई, ठाणे, पनवेल, उरण, कल्याण-डोम्बिवली और कई अन्य मार्गों पर उपलब्ध है। एनएमएमटी की वातानुकूलित बसें होने की वजह से यात्रियों द्वारा बेहद पसंद की जा रही हैं। एनएमएमटी की बसें या सीएनजी हैं या इलेक्ट्रिक जिसकी वजह से पर्यावरण भी दूषित नहीं हो रहा है। नवी मुंबई महानगरपालिका परिवहन उपक्रम सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता दे रहा हैं।