ठाणे

Published: Feb 05, 2022 08:35 PM IST

Lidar Technologyलिडार तकनीक से हो रहा संपत्ति का सर्वेक्षण, ड्रोन का किया जाएगा इस्तेमाल

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

-राजीत यादव

नवी मुंबई: नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) द्वारा अपने क्षेत्र की संपत्तियों (Property) की जानकारी एकत्रित करने के लिए अत्याधुनिक लिडार तकनीक (Lidar Technology) द्वारा सर्वेक्षण (Survey) कराने का काम शुरू कराया गया है, यह काम महानगरपालिका द्वारा नियुक्त की गई एजेंसी कर रही है। इसके लिए ड्रोन (Drone) का इस्तेमाल करने का नियोजन किया गया है। इस सर्वेक्षण से महानगरपालिका क्षेत्र में संपत्तियों के बारे में मिलने वाली जानकारी को एकत्रित करने के लिए महानगरपालिका द्वारा 100 कर्मचारियों को हैंड ऑफ ट्रेनिंग दी जाएगी, जबकि 50 कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

लिडार तकनीक से संपत्तियों के किए जा रहे सर्वेक्षण के बारे में जानकारी लेने के लिए महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर द्वारा संबंधित एजेंसी और महानगरपालिका के संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। इस बैठक में महानगरपालिका कमिश्नर ने सर्वेक्षण करने वाली एजेंसी को तय समय में गुणवत्तायुक्त काम करने और जुलाई 2022 तक प्रथम चरण का काम पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में महानगरपालिका के शहर अभियंता संजय देसाई, अतिरिक्त शहर अभियंता शिरिष आरदवाड, कार्यकारी अभियंता सुनिल लाड और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधी उपस्थित थे।

 प्रत्यक्ष तौर से भी एकत्र की जाएगी जानकारी

उक्त बैठक के दौरान महानगरपालिका क्षेत्र की संपत्तियों का सर्वेक्षण करने वाली एजेंसी द्वारा महानगरपालिका कमिश्नर के समक्ष लिडार तकनीक द्वारा किस प्रकार से संपत्तियों का सर्वेक्षण किया जाएगा, इसके बारे में जानकारी प्रस्तुत की गई। एजेंसी ने महानगरपालिका कमिश्नर को बताया कि संपत्तियों के ठिकाने पर जाकर उनका प्रत्यक्ष रूप से सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष एप भी तैयार किया जाएगा। एजेंसी ने महानगरपालिका कमिश्नर को बताया कि ड्रोन द्वारा आसमान से संपत्तियों का सर्वेक्षण करने की जाएगी, जिसके लिए सरकार के विभिन्न विभागों से मंजूरी हासिल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

संपत्तियों की मिलेगी सटीक जानकारी

लिडार तकनीकि द्वारा महानगरपालिका क्षेत्र की संपत्तियों के बारे में सटीक जानकारी हासिल होने वाली है। इसके अलावा महानगरपालिका क्षेत्र की जल वाहिनी, मलनिस्सारण वाहिनी, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरी सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल होगी। जो महानगरपालिका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के नियोजन के लिए उपयोगी साबित होगी। लिडार सर्वेक्षण के मध्य से 360 डिग्री में विस्तार से सर्वेक्षण होगा। इसके लिए मोबाइल मैपिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इस काम के दौरान महानगरपालिका क्षेत्र के पेड़ों की गिनती करने का निर्देश महानगरपालिका कमिश्नर ने एजेंसी को दिया है।

लिडार सर्वेक्षण के प्रत्येक चरण में होने वाले काम के बारे में समय-समय पर समीक्षा बैठक की जाएगी। इस काम को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए एजेंसी को निर्देश दिया गया है। एजेंसी द्वारा किए जा रहे काम पर महानगरपालिका के अभियंता विभाग को कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। इस सर्वेक्षण से महानगरपालिका क्षेत्र में कितनी संपत्तियां हैं, इसकी अचूक जानकारी मिलेगी। जिससे महानगरपालिका की आय बढ़ने की प्रबल संभावना है।

-अभिजीत बांगर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका