ठाणे

Published: May 15, 2023 04:49 PM IST

Bhiwandi Metro Updatesभिवंडी में मेट्रो शुरू होने से विकास को मिलेगी गति, लाखों लोगों को मिलेगी राहत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

भिवंडी: ठाणे जिले से सटे प्रमुख शहरों के लिए यातायात सुगमता को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) की मेट्रो-5 परियोजना (Metro-5 Project) शुरू होने से पावरलूम नगरी भिवंडी की विकास गति बेहद तेजी से होने वाली हैं। ठाणे बालकूम से होकर मेट्रो का पिलर सहित अन्य निर्माण कार्य की प्रक्रिया तेजी से शुरू है। ठाणे से कल्याण तक 2 फेज में निर्मित होने वाली परियोजना का प्रथम चरण का कार्य धामणकर नाका तक करीब 60 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है। दूसरे चरण का निर्माण कार्य शुरू होने के पूर्व धामनकर नाका फ्लाईओवर तोड़ने की कवायद में एमएमआरडीए प्रशासन जुटा है। फ्लाईओवर तोड़ने के बाद ही दूसरे चरण का निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने के आसार से नागरिकों में खुशी व्याप्त है।

गौरतलब है कि 2017 में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा मंजूर करीब 8 हजार 600 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होने वाली मेट्रो-5 उपक्रम का प्रथम चरण करीब 60 प्रतिशत तक पूर्ण होने की कगार पर है। ठाणे से धामणकर नाका तक पिलर निर्माण, पिलर पर गर्डर डालना सहित स्टेशन निर्माण प्रक्रिया का कार्य बेहद तेजी से शुरू है। 

कल्याण के लोगों को भी होगा फायदा

ठाणे बालकूम नाका से शुरू होकर पावरलूम नगरी भिवंडी से होकर कल्याण जाने वाली मेट्रो-5 सुविधा का व्यापक फायदा भिवंडीकरों सहित कल्याणवासियों को होगा। मेट्रो सेवा शुरू होने से मुंबई, ठाणे आदि शहरों से लोगों का आवागमन सरल होगा और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। ठाणे से भिवंडी होकर कल्याण तक निर्मित होने जा रहे मेट्रो रूट में 17 स्टेशनों में सर्वाधिक 11 स्टेशन भिवंडी होकर गुजरने से लाखों नागरिकों को निकट भविष्य में यातायात जाम से मुक्ति मिलना तय है।

भिवंडी को मिलेगा भरपूर फायदा

पावरलूम नगरी भिवंडी आजादी के पश्चात आज तक रेल सुविधा से कटी हुई है। भिवंडी में रेल सुविधा के अभाव में लाखों पावरलूम उद्योग से जुड़े व्यवसाई व्यापार के लिए मुंबई शहर जाने में भी यातायात जाम की समस्या से हमेशा दुख झेलने को विवश हैं। लोकल रेल सुविधा के अभाव में कपड़ा व्यापारी मुंबई, सूरत, अहमदाबाद आदि शहरों तक जाने में भारी आर्थिक बर्बादी और परेशानी झेलने को मजबूर हैं।

परियोजना में विलंब से लोगों को चिंता

मेट्रो-5 रूट के दूसरे चरण में  कल्याण नाका से टेमघर साईं बाबा मंदिर तक करीब 3.5 किमी का भूमिगत निर्माण होना हैं। 3.5 किमी अंडर ग्राउंड निर्माण प्रक्रिया में हो रहे विलंब की वजह से जहां 2025 में मेट्रो भिवंडी से कल्याण तक शुरू होने में संशय दिखाई पड़ने लगा है, वहीं परियोजना पर करीब 1,500 करोड़ रुपए की लागत बढ़ने के संभावना है। शहर के लोगों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य तेजी गति से कराए जाने की अपील की हैं।