महाराष्ट्र

Published: Jun 21, 2021 11:18 PM IST

Delta Plus Variant of Coronaमहाराष्ट्र में फिर होगी तबाही! 21 लोगों में मिला कोरोना वायरस का डेल्टा प्लस वैरिएंट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस की दूसरी लहर (Coronavirus Second Wave) रफ्तार धीमी हो गई है। लेकिन खतरा अभी तक टला नहीं है। राज्य में कोरोना की तीसरी लहर (Coronavirus Third Wave) आने की आशंका जताई जा रही है, जिससे सबसे ज्यादा बच्चे प्रभावित होंगे। इस बीच राज्य में कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस वैरिएंट (Delta Plus Variant of Coronavirus) के लगभग 21 मामले सामने आए हैं। यह सभी मामले राज्य के छह शहरों में मिले हैं। जिसमें राजधानी मुंबई भी शामिल है। इस बात की जानकारी खुद महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, “राज्य में  लगभग 21 कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट के लगभग 21 मामले सामने आए हैं। जिसमें से 9 मामले रत्नागिरी, 7 जलगांव, 2 मुंबई से और एक-एक मामला पालघर, ठाणे और सिंधुदुर्ग में मिला है।” टोपे ने कहा कि, “हम इन सभी लोगों के टीकाकरण की स्थिति और ट्रेवल हिस्ट्री का पता लगा रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,270 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 59,79,051 हो गई है। वहीं 94 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,18,313 हो गई। इसके अलावा राज्य में आज 13,758 मरीज कोरोना मुक्त हो गए। जिसके बाद ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 57,33,215 हो गई। फिलहाल राज्य में 1,24,398 एक्टिव मामले हैं। राज्य में आज रिकवरी रेट 95.89% और डेथ रेट 1.98% दर्ज किया गया।