महाराष्ट्र

Published: Oct 05, 2022 06:16 PM IST

Shiv Senaउद्धव ठाकरे गुट को लग सकता है बड़ा झटका, 2 सांसद और 5 विधायक हो सकते हैं एकनाथ शिंदे खेमें में शामिल

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) गुट को एक बड़ा झटका लग सकता है। एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde)गुट के सांसद कृपाल तुमाने ने बुधवार को दावा किया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना (Shiv Sena) खेमें के दो सांसद और पांच विधायक बुधवार शाम को दशहरा रैली (Dussehra Rally) में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल होंगे।

बता दें कि, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला समूह बुधवार शाम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए मैदान में दशहरा रैली करेगा। जबकि, ठाकरे गुट मुंबई के दादर में ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में अपनी रैली आयोजित करेंगे। एकनाथ शिंदे और ठाकरे दोनों खेमें दशहरा रैली लेकर आमने-सामने थे। दोनों ही धड़े शिवाजी पार्क में रैली करना चाहते थे। लेकिन इस मामले को लेकर बंबई उच्च न्यायालय ने ठाकरे गुट को शिवाजी पार्क में दशहरा रैली करने की अनुमति दी।

क्या कहा कृपाल तुमाने ने?

शिंदे गुट के सांसद कृपाल तुमाने ने कहा कि, मुंबई और मराठवाड़ा क्षेत्र से दो सांसद शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। आप आज शाम को देखेंगे। सांसद ने यह कहा कि, शिंदे गुट की विचारधारा को मानने वाले खुद इसमें शामिल हो रहे हैं। अभी शिंदे गुट में सीएम सहित 40 विधायक और 12 लोकसभा सदस्य शामिल हैं।

दो खेमें में बटी शिवसेना  

एकनाथ शिंदे और शिवसेना के 39 अन्य विधायकों ने जून में विद्रोह किया था। जिसके बाद ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार गिर गई थी। वहीं, 30 जून को एकनाथ शिंदे ने भाजपा के साथ मिलकर नई सरकार बनाई। जिसमें शिंदे मुख्यमंत्री और बीजेपी के देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली थी।