उत्तर भारत

Published: Jan 10, 2022 06:16 PM IST

UP Election 2022चुनाव के पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने का किया ऐलान

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election) में जीत में लगी कांग्रेस पार्टी (Congress Party) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद (Imran Masood) ने कांग्रेस छोड़ समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) में शामिल होने का ऐलान कर दिया। सोमवार सहारनपुर में स्थित अपने निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसके बाद उन्होंने पुरानी पार्टी में लौटने का ऐलान कर दिया। मसूद आठ साल बाद सपा में लौट रहे हैं। 

कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करते हुए मसूद ने कहा, “वर्तमान में जो परिस्थितियां हैं, उसमें केवल समाजवादी पार्टी ही भारतीय जनता पार्टी को हरा सकती है। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है, लेकिन वर्तमान की परिस्थितियां ऐसी बनी है कि सपा से ही भाजपा का मुकाबला होना है।

पूर्व विधायक ने कहा, “सपा जनहित में कार्य करती है। किसान, नौजवान, बेरोजगार, व्यापारी, उद्यमी सहित प्रत्येक वर्ग के बारे में सपा सोचती है। इसलिए उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सपा में जाने का निर्णय लिया है।” उन्होंने कहा कि, “सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देशानुसार ही जिले की सातों विधानसभा सीटों पर पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे, जिनको वह जिताने का काम करेंगे। पार्टी हाईकमान का फैसला ही उनके लिए सर्वोपरि होगा।”

2014 में छोड़ी थी समाजवादी पार्टी

बतादें कि, इमरान मसूद ने अपना राजनीतिक करिअर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर शुरू किया था। 2007 में उन्होंने पहली बार मुजफ्फराबाद सीट से चुनाव लड़ा और जीत कर विधायक बने थे। वहीं 2012 के चुनाव के समय वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। हालांकि, इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा उन्हें बीएसपी के उम्मीदवार ने हराया था। 

2014 के आम चुनाव के पहले वह कांग्रेस में शामिल हो गए और कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन वह फिर हार गए। पिछले चुनाव में वह एक बार फिर विधानसभा चुनाव में ताल ठोकी लेकिन एक बार फिर उन्हें हार का मुँह देखना पड़ा था। 

पिछले कई दिनों से सपा में जाने की हो रही चर्चा 

2017 में विधानसभा में मिली हार के बाद से इमरान मसूद की कांग्रेस छोड़ समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चा शुरू थी। लेकिन वह लगातार इसी किसी भी तरह की कयासों से इनकार करते रहे। वहीं 2022 के चुनाव के लिए वह प्रियंका गांधी के एकला चलो की नीति से उलट समाजवादी पार्टी से गठबंधन कर चुनाव लड़ने की पैरवी करते रहे हैं। पिछले दिनों उनका एक ऑडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वह कहते हुए सुनाई दिए थे कि, कांग्रेस इस बार एक भी सीट नहीं जीत पाएगी।” उनके इस ऑडियो के आने के बाद उनकी सपा में जाने की चर्चा फिर से जोर पकड़ ली थी।