उत्तर भारत

Published: Apr 04, 2022 06:30 AM IST

InauguratedCM मनोहर लाल खट्टर ने किया 135 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

 जींद/हरियाणा: हरियाणा (Haryana) के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar ) ने रविवार को कहा कि बिना भेदभाव के प्रदेश के हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश का समान रूप से विकास ही मौजूदा सरकार का मुख्य उद्देश्य है और इसके लिए पैसे की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।  मुख्यमंत्री आज सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने करीब 135 करोड़ रुपये की विभिन्न 18 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं सिचाई विभाग, बिजली, खेल, जन स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग से संबंधित थी। इनमें 74 करोड़ 66 लाख रुपये की परियोजनाओं का उदघाटन एवं 60 करोड़ 19 लाख रुपये की परियोजनाओं के शिलान्यस शामिल हैं। 

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि विकसित एवं भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा के निर्माण के लिए वे लगातार प्रयासरत्त हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है और ऐसा करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।   उन्होंने प्रदेश में चल रही बड़ी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि एक हजार 400 करोड़ रुपये की लागत से 85 किलोमीटर लम्बी कुण्डली-मानेसर सड़क का निर्माण करवाया गया है। साथ ही रेल कोरिडोर बनाया जाना भी प्रस्तावित है। 

 मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला प्रदेश है, जहां सेवा का अधिकार अधिनियम लागू किया गया। इसके लिए सरकार द्वारा विशेश आयोग का गठन किया गया है, जिसके तहत आस नामक पोर्टल के माध्यम से लोगों की निर्धारित समयावधि में प्रत्येक समस्या का समाधान ऑनलाइन करने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया गया है। (एजेंसी)