उत्तर भारत

Published: Oct 26, 2022 09:35 PM IST

Ram RahimDCW प्रमुख स्वाति मालीवाल ने राम रहीम को पैरोल देने के लिए हरियाणा सरकार की आलोचना की

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली. दिल्ली महिला आयोग (DCW) प्रमुख स्वाति मालीवाल ने बुधवार को दोषी बलात्कारी और हत्यारे गुरमीत राम रहीम सिंह इंसान को पैरोल देने के लिए हरियाणा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राम रहीम पैरोल पर रह कर जगह-जगह सत्संग कर रहा है और इस सत्संग में हरियाणा के विधानसभा उपाध्यक्ष और मेयर शामिल हो रहे हैं।

स्वाति मालीवाल ने कहा कि, “गुरमीत राम रहीम एक बलात्कारी और हत्यारा है। हरियाणा सरकार का जब मन करता है वे उसे पैरोल पर छोड़ देती है। इस बार राम रहीम पैरोल पर रह कर जगह-जगह सत्संग कर रहा है और इस सत्संग में हरियाणा के विधानसभा उपाध्यक्ष और मेयर शामिल हो रहे हैं।

DCW प्रमुख ने कहा, “गुरमीत राम रहीम अपनी छवि को साफ करने की कोशिश कर रहा है। हरियाणा सरकार से मेरी अपील है कि तुरंत इसकी पैरोल रद्द कर उसे जेल भेजा जाए।”

उल्लेखनीय है कि राम रहीम फिलहाल 40 दिन के पैरोल पर बाहर हैं। उन्होंने पिछले हफ्ते वर्चुअल सत्संग की मेजबानी की थी। हालांकि यह कदम आदमपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले उठाया गया है। बता दें की, आदमपुर में तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं।

गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम डेरा के सिरसा स्थित मुख्यालय में अपने आश्रम पर दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के दोष में इस समय 20 साल कारावास की सजा भुगत रहा है। उसे बीते अगस्त 2017 में पंचकूला में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था।इतना ही नहीं गुरमीत राम रहीम को 2002 में डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के लिए भी पिछले साल चार अन्य लोगों के साथ दोषी ठहराया गया था। डेरा प्रमुख और तीन अन्य लोगों को 2019 में 16 साल से अधिक समय पहले एक पत्रकार की हत्या के मामले में भी कोर्ट द्वारा दोषी करार दिया गया था।