अन्य राज्य

Published: Feb 03, 2023 07:53 PM IST

Tourismपर्यटन पर जोर दे रही सरकार, देश में 50 पर्यटन स्थलों को किया जाएगा विकसित: PM नरेंद्र मोदी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

गुवाहाटी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को कहा कि वंचित और पिछड़े वर्गों का कल्याण केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। मोदी ने असम के बारपेटा जिले में ‘कृष्णगुरु एकनाम अखंड कीर्तन’ में अपने डिजिटल संबोधन के दौरान यह भी कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केंद्रीय बजट 2023-24 में महिलाओं की बचत पर ब्याज दरों में वृद्धि के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

मोदी ने सफेद और हरे रंग का ‘गमोसा’ लिया हुआ था। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में पारंपरिक हाथ तौलिये की मांग बढ़ी है। मोदी ने कहा, “स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के तहत संगठित लाखों महिलाएं इन्हें बुन रही हैं। हर गमोसा के पीछे असम की महिलाओं की मेहनत होती है। कृष्णगुरु सेवाश्रम में छह जनवरी से शुरू हुआ कीर्तन महीने भर चलेगा।

पीएम मोदी ने कहा, “आज हम पूर्वोत्तर और असम के विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं। पर्यटन इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में एक प्रमुख भूमिका निभाता है। बजट 2023 में प्रस्तावित, देश भर के 50 पर्यटन स्थलों को संपूर्ण पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा।”

पीएम मोदी ने कहा, “गंगा विलास क्रूज जल्द ही असम पहुंचेगा। इसके यात्री भारत की संस्कृति का अनुभव कर रहे हैं और उन स्थलों के बारे में जान रहे हैं जहां वे जा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इस क्रूज पर यात्रियों के माध्यम से असम की सुंदरता और संस्कृति को दुनिया जानेगी। (एजेंसी इनपुट के साथ)