अन्य राज्य

Published: Feb 25, 2022 10:54 AM IST

Boat Capsized in Jharkhandझारखंड के जामताड़ा के बराकर नदी में नाव पलटी, 12 लोग लापता, पांच को बचाया गया; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
बराकर नदी में नाव पलटी (Photo Credits-ANI Twitter)

जामताड़ा (झारखंड): झारखंड में जामताड़ा के बराकर नदी में गुरूवार की शाम तेज बारिश एवं आंधी के बीच एक यात्री नाव पलट गई। इस घटना के बाद से 12 लोग लापता है। जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नाव में कुल 18 लोग सवार थे जब यह हादसा हुआ। 

घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा के उपायुक्त फैज़ अहमद मुमताज़ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य का स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं। उपायुक्त फैज ने बताया था कि दुर्घटना में नदी में डूब रहे चार लोगों को बचा लिया गया है और एनडीआरएफ के जवान अन्य लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। आज सुबह एक और शख्स को बचाने की खबर आई है। जिसके बाद जान बचने वालों की संख्या पांच हो गई है। 

स्थानीय लोगों के अनुसार नाव में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग सवार थे। क्षेत्र में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है।जानकारी के अनुसार सभी लोग निरसा से जामताड़ा की ओर नाव से लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश होने लगी और तेज हवा के कारण नाव बीच नदी में पलट गई।

घटना की सूचना मिलने पर गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की। अंसारी ने सरकार से मृतक के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की। साथ ही अविलंब नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग भी की। (एजेंसी इनपुट के साथ)