उत्तर प्रदेश

Published: Aug 21, 2022 09:24 PM IST

Esha Gupta Meet Minister Nandiयूपी के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल नन्दी से मिलीं अभिनेत्री ईशा गुप्ता, एक्ट्रेस ने प्रदेश को लेकर कही बड़ी बात

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo-Twitter (@NandiGuptaBJP)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बनने वाले फिल्म सिटी (Film City) को लेकर न सिर्फ प्रदेश सरकार (State Government) बल्कि बॉलीवुड (Bollywood) के कलाकार भी उत्साहित हैं, वह भी यही चाहते हैं कि नोएडा में जल्द से जल्द फिल्म सिटी स्थापित हो और उत्तर प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर हो। इसी भाव और सोच के साथ बॉलीवुड की स्टॉर अभिनेत्री ईशा गुप्ता (Actress Esha Gupta) ने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Industrial Development Minister Nand Gopal Gupta Nandi) से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। उत्तर प्रदेश में स्थापित होने वाले फिल्म सिटी को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही उत्तर प्रदेश की बेटी होने के नाते फिल्म सिटी के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाने की बात कही।

उत्तर प्रदेश भारतीय संस्कृति का एक केंद्र बिंदु है

औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपने आवास पर अभिनेत्री ईशा गुप्ता और उनकी मां रेखा गुप्ता का स्वागत और अभिनन्दन किया। मंत्री नन्दी और अभिनेत्री ईशा गुप्ता के बीच उत्तर प्रदेश में फिल्मों के प्रसार को लेकर लम्बी चर्चा हुई। मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए नोएडा में फिल्म सिटी स्थापित करने का जो संकल्प लिया है, उसे जरूर पूरा किया जाएगा। मंत्री नन्दी ने कहा कि फिल्मी दुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में सब कुछ है। उत्तर प्रदेश भारतीय संस्कृति का एक केंद्र बिंदु है। प्राचीन पौराणिक कालखंड से लेकर अर्वाचीन काल तक देश की आजादी की लड़ाई में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यहां भगवान राम से लेकर श्री कृष्ण तक की जन्मस्थली है। गंगा-यमुना की संगम स्थली प्रयागराज भी यहीं है।

उत्तर प्रदेश की बेटी होने के नाते मैं अपने कर्तव्य को निभाने में पीछे नहीं हटूंगी

अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने कहा कि वे बॉलीवुड की अभिनेत्री जरूर हैं, लेकिन सबसे पहले उत्तर प्रदेश की बेटी हैं, जिसके लिए उन्हें गर्व है। कहा कि उत्तर प्रदेश की बेटी होने के नाते अपना फर्ज पूरा करने में पीछे नहीं हटूंगी। इस दौरान अभिनेत्री ईशा गुप्ता की मां रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं, जो समाजसेवी होने के साथ ही महिला अधिकारों के लिए संघर्षरत रही हैं। भारत तिब्बत सहयोग मंच की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष भी हैं।