उत्तर प्रदेश

Published: Jan 19, 2022 05:15 PM IST

UP Election 2022उत्तर प्रदेश में भाजपा ने निषाद पार्टी और अपना दल से गठबंधन का किया ऐलान, सीटों की घोषणा जल्द

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने निषाद पार्टी और अपना दल के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि, “भाजपा, अपना दल और निषाद पार्टी मिलकर उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसी के साथ कौन कितनी सीट पर लड़ेगा इसका जल्द ही ऐलान कर दिया जाएगा।”

इसके पहले भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने अपने दोनों घटक दलों के साथ बैठक की । जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य के साथ निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद, अपना दल की प्रमुख और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, यूपी भाजपा प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सांसद प्रवीण निषाद मौजूद रहे।

उत्तर में कानून का शासन

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ” इस दौरान नड्डा ने कहा कि पांच साल पहले पलायन हो रहा था, शाम को पांच बजे के बाद आम जनजीवन थम जाता था। माफिया और सरकार की साठगांठ थी। ये सब पिछले पांच साल में खत्म हुई हैं। अब यूपी में कानून का शासन है। हमने जो कहा था वो किया है। हमारी सोच ईमानदार है और काम असरदार है।”

विकास के लिए भाजपा और अपना दल का कॉकटेल 

अपना दल की अनुप्रिया पटेल ने कहा, ” हमारी पार्टी लंबे समय से एनडीए का हिस्सा है। पिछले पांच सालों में देश और उत्तर प्रदेश में विकास यात्रा आगे बढ़ी है। वहीं, सामाजिक न्याय की अवधारणा और मजबूत हुई है। अपना दल और भाजपा का गठबंधन विकास और सामाजिक न्याय का बहुत ही बेहतरीन कॉकटेल साबित हुआ है। हमने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े आदमी के हक की लड़ाई लड़ी है।”

पटेल ने कहा, ‘‘विकास के साथ ही सामाजिक न्याय की अवधारणा को और मजबूती प्रदान करने के लिए हम सभी ने तय किया है कि हम एक बार फिर मजबूती के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में पिछड़ों की आबादी 50 प्रतिशत से भी ज्यादा है और वहां की सरकार ने सामाजिक न्याय की अवधारणा को और मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है, जो हमें साथ मिलकर करना है। उत्तर प्रदेश में 403 सीटों पर पूरी मजबूती के साथ अपना दल, भाजपा और निषाद पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।”

निषाद ने पूर्व पार्टियों पर बोला हमला

संजय निषाद ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व केंद्र की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने समाज के पिछड़े तबकों को सिर्फ छलने और विकास से दूर रखने का काम किया जबकि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र व राज्य की सरकारों ने बिना किसी भेदभाव के उनका वास्तविक विकास किया।