उत्तर प्रदेश

Published: Jan 29, 2023 07:49 PM IST

Deputy CM Mauryaगांवों में स्टेडियम और ओपन जिम बनाकर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही सरकार: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

लखनऊ : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने बताया कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं (Sports Talents) को निखारने, दक्ष और सक्षम बनाने के लिए ग्रामीण अंचल में खेलकूद का आधारभूत ढ़ाचा मजबूत करने के लिए मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण अंचल में खेल मैदान बनाये जा रहे हैं। गांवों में स्टेडियम (Stadium) और ओपन जिम (Open GYM) बनाकर खेल प्रतिभाओं को सरकार प्रोत्साहन दे रही है। 

युवा पीढ़ी गांवों के खेल मैदानों से निखर और संवर कर अपने गांव घर का नाम रोशन करेगी और गांवों की खेल प्रतिभाएं, दुनिया में भारत का परचम लहरायेगीं। मनरेगा योजना अंतर्गत स्टेडियम, ओपन जिम, खेल मैदान और पार्क गांवों में बनाये जा रहे हैं और इनका उपयोग भी किया जा रहा है।

ग्राम्य विकास आयुक्त जी. एस प्रियदर्शी ने बताया कि खेलों के महत्व और महत्ता के दृष्टिगत मनरेगा के तहत लक्ष्य से कहीं अधिक पार्कों और स्टेडियम का निर्माण कराया गया है और उम्मीद है कि वित्तीय वर्ष के अंत तक लक्ष्य से दो गुना खेल मैदानों का निर्माण हो जाएगा। वर्तमान वर्ष 2022-23 के श्रम बजट में 5516 खेल मैदान बनाने का लक्ष्य से कहीं अधिक 8226 खेल मैदान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 

प्रदेश में 2018 से अब तक 21168 खेल मैदानों का निर्माण

विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण के अंतर्गत मनरेगा खेल मैदानों को मनरेगा पार्क के रूप में भी विकसित किया जा रहा है, जिसमें बुजुर्गों के लिए घूमने/टहलने के साथ साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों का और किशोरों के लिए ओपन जिम का निर्माण भी कराया जा रहा है। वर्ष 2018 से अब तक प्रदेश में 21168 खेल मैदान का निर्माण मनरेगा योजना अंतर्गत कराया गया है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2018-19 में 1236, वर्ष 19-20 में 2242, वर्ष 20 -21 में 4173, वर्ष 21-22 में 5291 और 2022-23 में 8226 खेल मैदान /पार्कों का निर्माण किया गया है।