उत्तर प्रदेश

Published: Oct 24, 2023 06:17 PM IST

Uttar Pradeshआज देश के राजनैतिक परिदृश्य में एक "रावण" सर उठा रहा है: नन्दी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने आज दशहरा के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देने के साथ ही विपक्ष के गठबंधन पर कटाक्ष किया है। मंत्री नन्दी ने विपक्षी गठबंधन को कलयुग का रावण बताते हुए ट्वीट कर लिखा है कि आज देश के राजनैतिक परिदृश्य में एक “रावण” सर उठा रहा है, जिसे विभिन्न विघटनकारी और विनाशक शक्तियों ने एकजुट होकर अपना अस्तित्व बचाने के लिए जन्म दिया है।

मंत्री नन्दी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि आज विजयादशमी है। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व। आज नकारात्मक शक्तियों के पराभव और न्याय के सूर्योदय का दिन है। सभी देशवासियों एवं प्रदेशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई।

आज देश के राजनैतिक परिदृश्य में एक “रावण” सर उठा रहा है। विभिन्न विघटनकारी और विनाशक शक्तियों ने एकजुट होकर अपना अस्तित्व बचाने के लिए इस रावण को जन्म दिया है।

राष्ट्रविरोध, परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण, सत्तालोलुपता, भ्रष्टाचार, अवसरवाद, व्यक्तिगत स्वार्थ, नकारात्मकता और कुर्सी का मोह इस रावण के दस सिर हैं।

जिस तरह से रावण ने छद्म भेष रखकर माता सीता का अपहरण किया था। उसी तरह यह कलयुगी रावण बहरूपिया बनकर जनता के सुख-चैन-शान्ति-तरक्की के अपहरण की ताक में बैठा है।

जनता इस कलयुगी रावण को भलीभाँति पहचान चुकी है। आने वाले 2024 में इस रावण के समूल नाश के लिए कमर कस चुकी है। यह रावण के नाश और रामयुग के प्रारम्भ का समय है।

2024 के आरम्भ में ही अयोध्या में नवनिर्मित भव्य मंदिर में प्रभु श्रीराम विराजमान होने जा रहे हैं। दुनियाभर के करोड़ों सनातनियों की सैंकड़ों वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है, पीढ़ियों का सपना साकार होने जा रहा है। आइये मिलकर रामयुग का स्वागत करें, अभिनन्दन करें।