उत्तर प्रदेश

Published: Jan 08, 2023 07:46 PM IST

UP Newsडिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने हर जिले में ग्राम चौपाल का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनीं

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File - Photo

लखनऊ : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) के नेतृत्व और निर्देशन और उनकी पहल पर उत्तर प्रदेश में प्रत्येक शुक्रवार को ग्रामों में आयोजित किए जा रहे ग्राम चौपालों (Village Chaupalon) के सुखद, सार्थक और सकारात्मक परिणाम निखर कर सामने आ रहे हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को जहां रायबरेली और बाराबंकी के एक-एक ग्रामपंचायत में ग्राम चौपाल का आयोजन कर लोगों की समस्याओं को समझा, सुलझाया और लाभार्थीपरक योजनाओं सहित विकास और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत को समझा, वहीं प्रदेश के विभिन्न जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों और ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की उपस्थिति में ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया।

प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश की ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया, जिसमें 7109 ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने और 10243 ग्राम स्तरीय कर्मचारियों ने ग्राम चौपालों में प्रतिभाग किया। ग्राम चौपालों में 157735 ग्रामीणों ने सहभागिता की और 12261 सन्दर्भ/ शिकायत / प्रकरण आए, जिसमें से 9102 संदर्भों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष संदर्भों के निस्तारण के लिए उच्च स्तर के अधिकारियों कर्मचारियों को संदर्भित करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम चौपालों से पूर्व सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्राम में चल रही परियोजनाओं का निरीक्षण किया, जिसमें से 5055 परियोजनाओं का मौके पर निरीक्षण किया गया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ग्राम चौपालों से वापस आने के बाद फीड बैक भी लिया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ग्राम पंचायतों की बहुत के प्रति लोगों का बहुत ही उत्साह है और उनके उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा इसी तरह से प्रत्येक शुक्रवार को निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाता रहेगा और ग्राम चौपालों में शासन स्तर पर भी विभागीय अधिकारी प्रतिभाग करेंगे और जनप्रतिनिधियों को भी चौपालों में भाग लेने की अपील की गई है।