उत्तर प्रदेश

Published: Apr 14, 2024 10:56 PM IST

Muzaffarnagar House Collapsedउत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो मंजिला मकान गिरने से एक मजदूर की मौत, 12 से अधिक घायल

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
घटनास्थल पर बचावकर्मी (फोटो: एएनआई)

मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार को बड़ा हादसा हुआ है। यहां जानसठ थाना क्षेत्र में दो मंजिला मकान गिरने से एक मजदुर की मौत हो गई। जबकि, एक दर्जन से अधिक घायल हो गए हैं। जिसके चलते मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पुलिस की टीम और दमकल विभाग के कर्मचारी मौजूद हैं। बचाव अभियान जारी है।

जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी के अनुसार यह घटना तालदा गांव में हुई है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मौके पर पुलिस मौजूद है और बचाव अभियान जारी है।

अधिकारी ने बताया कि जिन अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है, उन्हें बचाने के लिए छत की कंक्रीट को काटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त घर में करीब 25 लोग काम कर रहे थे। जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

SSP अभिषेक सिंह ने बताया, “शाम करीब 5:30 बजे हमें घटना की सूचना मिली। यह 2 मंजिला इमारत थी, अभी हम ऊपरी ढांचा हटा रहे हैं। फायर सर्विस, स्थानीय पुलिस और प्रशासन के लोग काम में लगे हैं। हमने 15 लोगों को निकाला है। हमें उम्मीद है कि हम बाकी लोगों को भी जल्द निकाल लेंगे। मौके पर NDRF की टीम पहुंच गई है। यहां जैक से मकान को उठाने का काम हो रहा था उसी दौरान हादसा हुआ है, जांच जारी है।”

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन से घायलों को सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। (एजेंसी इनपुट के साथ)