उत्तर प्रदेश
Published: Oct 10, 2023 07:46 PM ISTSafe City Projectसेफ सिटी परियोजना: पहले चरण में 9 शहरों के 20 धार्मिक स्थलों को मिलेंगे पिंक बूथ
- 550 थानों की 1100 महिला बीट आरक्षियों को दी जाएगी पिंक स्कूटी
- पिंक बूथ के लिए 1.66 करोड़ और 1100 पिंक स्कूटी के लिए 15.60 करोड़ का प्रस्ताव
550 थानों को सौंपी जाएगी 1100 पिंक स्कूटी
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के एडीजी बीपी जोगदंड ने बताया कि सेफ सिटी परियोजना के पहले चरण में प्रदेश के नौ शहर के 20 धार्मिक स्थलों पर पिंक बूथ का निर्माण किया जाएगा। इसमें वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मीरजापुर, मथुरा, गोरखपुर, आगरा, बलरामपुर और चित्रकूट शामिल हैं। सभी जगह सिंगल स्टोरी के पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इसके लिए विभाग की ओर से गृह विभाग को 1.66 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ ही सभी नौ जिलों के पुलिस अधिकारियों को पिंक बूथ के लिए जमीन चिन्हित कर जानकारी साझा करने के लिए पत्र लिखा गया था, जिसमें से कई जिलों से रिपोर्ट आ गयी है। एडीजी ने बताया कि गृह विभाग से बजट जारी होते ही बूथ का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना के दूसरे चरण में प्रदेश के नगर निगम और गौतमबुद्धनगर में 501 पिंक बूथ बनाए जाएंगे जबकि तीसरे चरण में प्रदेश के शेष शहरों में 2480 पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इसी तरह परियोजना के पहले चरण में मंडल मुख्यालय और गौतमबुद्धनगर के 550 थानों को दो-दो जीपीएस लैस पिंक स्कूटी सौंपी जाएगी, जिससे 1100 महिला बीट आरक्षी इस्तेमाल करेंगी। इसके लिए गृह विभाग को 15.60 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही पिंक स्कूटी को 550 थानों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। शासन द्वारा इस माह में दोनों प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सकती है। वहीं दूसरे और तीसरे चरण के लिए विभाग की ओर से योजना तैयार की जा रही है।
17 नगर निगम और गौतमबुद्धनगर में चलाया जा रहा जागरुकता अभियान
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन ने सेफ सिटी परियोजना के तहत पहले चरण में 17 नगर निगम और गौतमबुद्धनगर में महिलाओं और बेटियों को जागरुक करने के लिए 6 माह का कैलेंडर तैयार कर सूचना एवं जन संपर्क विभाग को सौंप दिया। वर्तमान में विभाग की ओर से पहले चरण के सभी जिलों प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके साथ ही विभाग की ओर से एफएम जिंगल्स, कम्यूनिटी रेडिया के माध्यम से भी जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।