13:12 PMFeb 10, 2022
जयंत चौधरी बोले-EVM की खराब होने की शिकायतें आ रहीं हैं

वोटिंग के बीच जयंत चौधरी ने ट्वीट कर लिखा कि EVM की खराब होने की शिकायतें आ रहीं हैं। लगता है युवा और किसान पूरे ग़ुस्से में बटन दबा रहे हैं!! आपसे निवेदन है इतने जोर से नहीं, गठबंधन के पक्ष में प्यार से बटन दबाएँ!!

12:46 PMFeb 10, 2022
उत्तर प्रदेश की महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने नोएडा में किया मतदान

उत्तर प्रदेश की महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने नोएडा एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा, “लोग वोट जरूर डालें क्योंकि यह हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है। मेरे हिसाब से जो लोग वोट डालते हैं वह राष्ट्र भक्त है क्योंकि उसे अपने राष्ट्र की चिंता है।”

11:42 AMFeb 10, 2022
मुजफ्फरनगर में एक मतदान केंद्र पर 105 साल की वृद्ध महिला मतदान करने पहुंची

मुजफ्फरनगर में एक मतदान केंद्र पर 105 साल की वृद्ध महिला मतदान करने पहुंची

11:40 AMFeb 10, 2022
शादी के मंडप से पहले पोलिंग बूथ पहुंचा दूल्हा

मुजफ्फरनगर में दूल्हा शादी होने से ठीक पहले अपना वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचा।

11:21 AMFeb 10, 2022
युपी में पहले चरण की 58 सीटों पर मतदान जारी, केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान बोले-मोदी जी के नेतृत्व में हमले किया अच्छा काम

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि सरकार किन मुद्दों पर बनती है? अच्छा काम, अच्छी सड़के,24 घंटे बिजली, अच्छी कानून व्यवस्था और गरीबों की मदद, यही सरकारों के काम हैं। हमने 5 साल में प्रदेश में और 7.5 सालों में केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व में काम किया है और जनता इन्हीं पर वोट देगी।

11:10 AMFeb 10, 2022
यूपी में शांतिपूर्ण मतदान जारी, कई जगहों से सामने आई EVM खराब होने की खबर

यूपी में पहले चरण की वोटिंग के बीच राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी. डी. राम तिवारी नें कहा कि प्रथम 2 घंटों में मतदान 7.93% हुआ है। सभी जगहों पर मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है। कुछ जगहों पर EVM की खराब होने की खबर मिली थी लेकिन उनको बदलकर मतदान प्रक्रिया को शुरू किया गया है।

10:57 AMFeb 10, 2022
गाजियाबाद में BJP सांसद जनरल वी. के. सिंह ने किया मतदान, कही ये बात

उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद में भाजपा सांसद जनरल वी. के. सिंह ने मतदान किया। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश का सिर्फ एक मुद्दा है कि किस पार्टी ने सुशासन दिया। पहले की सरकार के कार्यकाल और भाजपा के कार्यकाल में फर्क साफ है। हमें विपक्ष के गठबंधन से कोई परेशानी नहीं है।”

Read more


लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) के पहले चरण के तहत राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों के लिये मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान कार्य कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। इस चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान हो रहा है। 

पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है। इस चरण में प्रदेश सरकार के मंत्रियों श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, संदीप सिंह, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग और चौधरी लक्ष्मी नारायण समेत कुल 623 उम्मीदवारों के सियासी भाग्य का फैसला होगा। इनमें 73 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। 

कोविड-19 के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर थर्मल स्कैनर, सैनीटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में होने वाले मतदान में 2.28 करोड़ योग्य मतदाता हैं। इनमें 1.24 करोड़ पुरूष, 1.04 करोड़ महिला तथा 1448 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। 

मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए 48 सामान्य प्रेक्षक, आठ पुलिस प्रेक्षक तथा 19 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। इसके अतिरिक्त 2175 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 284 जोनल मजिस्ट्रेट, 368 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2718 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत 12 विकल्पों का इस्तेमाल कर वोट डाला जा सकेगा। 

वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहले चरण की 58 में से 53 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को दो-दो सीटें मिली थी। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल का भी एक प्रत्याशी जीता था।