उत्तर प्रदेश
Published: Sep 11, 2021 01:57 PM ISTUttar Pradesh Crime यूपी के बिजनौर में नेशनल लेवल की खो-खो खिलाड़ी रह चुकी महिला का मिला शव, रेप के बाद हत्या का शक
बिजनौर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बिजनौर (Bijnore) सनसनीखेज वारदात हुई है। घटना में एक नेशनल लेवल की महिला खो-खो खिलाड़ी (Woman Kho-Kho Player) का शव लहूलुहान हुआ पाया गया है। पुलिस को महिला की रेप (Rape) के बाद हत्या (Murder) का शक है। मृतक महिला के परिजनों ने भी रेप के बाद महिला की हत्या करने की आशंका जताई है। इस पूरे केस की जांच अब पुलिस कर रही है।
दरअसल, बिजनौर में रेलवे स्टेशन के पास रखे स्लिपर्स में महिला का खून से लथपथ शव मिला। जिसके बाद इस मामले में रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 24 वर्षीय खो-खो खिलाड़ी शुक्रवार दोपहर को घर से एक राजकीय इंटर कॉलेज में इंटरव्यू देने के लिए गई थी लेकिन देर शाम तक भी घर वापस नहीं लौटी। घरवाले काफी समय तक उसका इंतजार करते रहे। इस बीच रेलवे स्टेशन के गोदाम के पीछे रखे रेलवे स्लिपर्स में महिला लहूलुहान हालत में पड़ी थी, यह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की पहचान की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला के शरीर पर काफी चोटों के निशान मिले हैं। शव के पास एक दांत भी टूटा हुआ मिला और महिला की नाक से खून बह रहा था। जिससे साफ है कि, महिला के साथ ज़ोरज़बरदस्ती और मारपीट की गई थी। मृतक महिला साल 2016 में हुई खो-खो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी थी। वह पढ़ाई के दौरान विश्वविद्यालय की अंतर प्रतियोगिताओं में भी भागीदारी कर चुकी थी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल पसरा हुआ है।