विदेश

Published: Jan 11, 2022 05:33 PM IST

Lockdown Updatesचीन में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच तीसरे शहर में भी लगाया लॉकडाउन, प्रभावित लोगों की कुल संख्या दो करोड़

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

बीजिंग: कोविड-19 (Covid-19) के प्रकोप के चलते चीन (China) के तीसरे शहर में लॉकडाउन (Lockdown) लगा दिया गया है जिससे देश में घरों के अंदर बंद रह रहे निवासियों की संख्या करीब दो करोड़ के पार पहुंच गई है।

अभी यह साफ नहीं है कि अनयांग शहर में लॉकडाउन कितने दिन तक प्रभावी रहेगा क्योंकि एक नोटिस में कहा गया है कि यह बड़े पैमाने पर जांच के लिए लगाया गया है। नोटिस में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच प्रक्रिया कब तक पूरी हो सकती है। शहर की आबादी 55 लाख है। इसके अलावा शियान में 1.3 करोड़ लोग और युझोउ में 11 लाख लोग लॉकडाउन के तहत हैं। 

इससे पहले चीन के तिआनजिन (Tianjin) में कोरोना वायरस (Corona Virus) के नए स्वरूप ओमीक्रोन (Omicron) के मामले सामने आने के बाद आंशिक लॉकडाउन (Partial Lockdown) लगाया गया है। क्षेत्र संक्रमण के इस स्वरूप के पहले स्थानीय प्रकोप का सामना कर रहा है, लेकिन इसकी संख्या फिलहाल कम है। यह मामले अगले महीने बीजिंग में शीत ओलंपिक खेलों की शुरुआत से पहले सामने आए हैं।

सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बताया कि सरकार ने तिआनजिन और उसकी 1.4 करोड़ आबादी को तीन हिस्सों में बांटकर पाबंदियां लगाई हैं। इसके तहत पहले चरण में, लोगों को घरों से बाहर निकलने की बिल्कुल इजाजत नहीं है। वहीं नियंत्रित इलाकों में हर परिवार के एक सदस्य को राशन आदि खरीदने के लिए घर से बाहर जाने की अनुमति है जबकि रोकथाम वाले इलाकों में लोगों को अपने क्षेत्रों के अंदर ही रहना होगा।

तिआनजिन से राजधानी बीजिंग के लिए बस और ट्रेन सेवा को बंद कर दिया है और शहर के लोगों को बहुत जरूरी काम होने तक शहर नहीं छोड़ने को कहा गया है। शहर में रविवार को 20 बच्चे और वयस्क कोविड-19 से पीड़ित मिले थे जिनमें से कम से कम दो लोग वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित थे। इसके बाद नगर में बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी गई है। रविवार को ही 20 और लोग संक्रमित पाए गए है।