विदेश

Published: Mar 07, 2022 11:43 AM IST

Russia-Ukraine Ceasefire रूस के यूक्रेन पर भीषण हमलों के बीच युद्ध विराम, इमैनुएल मैक्रों के अनुरोध पर खुला मानवीय गलियारा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo:@BombshellDAILY/Twitter

मॉस्को: रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) में जारी युद्ध के बीच मॉस्को ने कुछ समय के लिए युद्ध विराम की घोषणा की हैं। बताया जा रहा है कि, मॉस्को ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (French President Emmanuel Macron) के अनुरोध पर मानवीय गलियारों को खोलने के लिए युद्धविराम मॉस्को समयानुसार सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे) प्रभावी होगा। चार यूक्रेनी शहरों से नागरिकों को निकालने की अनुमति देने के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की गई है। रूसी सेना ने यूक्रेन में कई मानवीय गलियारे खोलने की घोषणा की है।

बता दें कि, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने टेलीफोन पर बातचीत की थी। दोनों नेताओं के बीच बातचीत करीब 1 घंटे 45 मिनट तक बातचीत हुई। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यह दूसरी बार है जब मैक्रों और पुतिन के बीच बातचीत हुई है।

इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को इमैनुएल मैक्रों से कहा था कि, यूक्रेन में रूस के अभियान के लक्ष्य- इसका विसैन्यीकरण और तटस्थ स्थिति है।

बता दें कि, रूस-यूक्रेन में लगातार जंग जारी है। ऐसे में रुसी आर्मी ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच आई युद्ध विराम की खबर आम लोगों के लिए कुछ हद तक राहत लेकर आई है। हालांकि पुतिन ने कहा है कि, कीव द्वारा रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच वार्ता में देरी करने के किसी भी प्रयास के परिणामस्वरूप मॉस्को पहले से निर्धारित मांगों की सूची में और चीजें जोड़ देगा।

वहीं, मैक्रों ने पुतिन से यूक्रेन में नागरिकों पर सभी हमलों को रोकने, नागरिक बुनियादी ढांचे को संरक्षित करने और प्रमुख सड़कों तक सुरक्षित पहुंच प्रदान करने का अनुरोध किया था।