विदेश

Published: Aug 07, 2022 01:25 PM IST

Spy Vessel of Chinaचीन को लगा तगड़ा झटका! भारत ने जताई आपत्ति तो श्रीलंका ने टाली चीनी जासूसी पोत की एंट्री

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

कोलंबो: आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका (Sri Lanka) ने चीन (China) को बड़ा झटका दे दिया है। दरअसल, भारत की आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए कोलंबो ने चीन के जासूसी पोत युआन वांग-5 (Spy Ship Yuan Wang-5) को हंबनटोटा बंदरगाह (Hambantota Port) पर आने की तारीख आगे बढ़ाने के लिए कहा है। चीनी पोत के श्रीलंका में रुकने पर भारत ने आपत्ति जाहिर की थी। 

अगस्त की 11 तारीख को चीन का जासूसी पोत युआन वांग-5 हंबनटोटा बंदरगाह पर पहुंचने वाला था। जिसके बाद यह पोत 17 अगस्त तक यहीं रुकता। इस चीन के आधुनिक जासूसी पोत के श्रीलंका में रुकने पर भारत ने इसे अपनी सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए विरोध जताया था। 

भारतीय विदेश मंत्रालय ने पिछले सप्ताह ही कहा था कि, इस घटनाक्रम की वे बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। इस मामले का आकलन किया जा रहा है कि, क्या इस चीनी पोत से भारत की सुरक्षा और आर्थिक हितों पर कोई असर तो नहीं पड़ेगा। अगर जरूरत पड़ी तो सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे।

बता दें कि, श्रीलंका में इन दिनों काफी ख़राब हालात है। आर्थिक संकट के कारण यहां लोगों के लिए रोजमर्रा की चीजें खरीद पाना काफी मुश्किल हो गया है। लोग पेट्रोल-डीजल और खाने-पीने की चीजों के लिए भी तरस रहे हैं। ऐसे में सिर्फ भारत ही खुले तौर पर श्रीलंका की मदद कर रहा है। ऐसे में चीनी पोत को हंबनटोटा बंदरगाह पर रुकने की इजाजत देना, भारत के लिए मानों झटके जैसा ही था। हालांकि, श्रीलंका के इस नए फैसले को देखकर लग रहा है कि, मानों अब वह भारत को नाराज़ नहीं करेगा।