कांग्रेस ने एमजीएम अस्पताल में उपलब्ध कराए 250  रेमडेसिविर इंजेक्शन

    Loading

    औरंगाबाद. महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा विधायक नाना पटोले (Nana Patole) के मार्गदर्शन में संपूर्ण महाराष्ट्र  के हर जिले व शहर स्तर पर कोरोना मरीजों (Corona Patients) को वैद्यकीय व अन्य विविध प्रकार की मदद के लिए समितियों का गठन किया गया है। औरंगाबाद  शहर जिला कांग्रेस कमेटी  के अध्यक्ष हिशाम उस्मानी (Hisham Usmani) के नेतृत्व में पार्टी की ओर से विविध समितियों का गठन किया गया। इसमें युवक कांग्रेस  की ओर से 250  रेमडेसिविर इंजेक्शन (Remdesivir Injection) घाटी अस्तपाल से शहर के एमजीएम अस्पताल को उपलब्ध कराए गए।

    शहराध्यक्ष उस्मानी ने बताया कि गरीब और आम जनता व कोविड मरीजों को विविध प्रकार की मदद करने पार्टी के पदाधिकारियों के नेतृत्व में समितियों का गठन किया गया। समितियों के पदाधिकारियों का नंबर सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है।  इसी दरमियान युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों को शहर के कई निजी अस्पतालों से रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए कई फोन आ रहे थे।

    कोरोना मरीजों को हो रही थी परेशानी

    कई  मरीजों को इंजेक्शन न मिल पाने से उनके समक्ष आ रही परेशानियों को जानकर युवक कांग्रेस के मराठवाडा प्रवक्ता निलेश अंबरवाडीकर, कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मोहसीन खान, योगेश बहादुरे ने परिश्रम कर घाटी अस्पताल से एमजीएम अस्पताल को 250 रेमडेसिविर उपलब्ध कराए। शहराध्यक्ष उस्मानी ने युवक कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा किए इस कार्य की प्रशंसा की। जिन मरीजों को रेमडेसिविर इंजेक्शन मिले, उनके परिजनों ने भी कांग्रेस पदाधिकारियों का आभार माना।